



(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 29 अप्रैल। ब्लॉक नकहा क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय पनगीकला में बुधवार को उस समय पढ़ाई का माहौल बदल गया जब डीएम अंजनी कुमार सिंह औचक निरीक्षण पर पहुंच गए। डीएम ने न सिर्फ व्यवस्थाओं की पड़ताल की, बल्कि कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं के शैक्षिक स्तर की भी बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम कक्षा छह में पहुंचे और बालिकाओं से संवाद किया। विज्ञान विषय के अंतर्गत ‘हमारे प्राकृतिक संसाधन’ पाठ के दौरान उन्होंने छात्राओं से प्रश्न पूछे। सन्नी और नेहा ने पर्यावरण की परिभाषा सहित प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। डीएम ने उनकी सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। इसी क्रम में डीएम ने कक्षा में ही परिमेय संख्याओं का कॉन्सेप्ट समझाते हुए बच्चों को सरल तरीके से गणित के मूल सिद्धांतों से अवगत कराया। बच्चों ने भी पूरे मनोयोग से पाठ को समझा।
इसके बाद डीएम कक्षा 10 में पहुंचे और छात्राओं के अधिगम स्तर का आकलन किया। उन्होंने 25 के बाद 29 का वर्गमूल पूछा, जिस पर कुछ छात्राएं उत्तर देने में असमर्थ रहीं। इस पर डीएम ने स्वयं बोर्ड पर विधिवत हल करते हुए वर्गमूल निकालने की प्रक्रिया समझाई और बच्चों को सरल तकनीक से परिचित कराया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने कहा कि बुनियादी गणित और विज्ञान की समझ मजबूत होना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को निरंतर अभ्यास और मन लगाकर अध्ययन करने की सलाह दी तथा “ऑल द बेस्ट” कहकर उनका उत्साह बढ़ाया।
डीएम ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं, पठन-पाठन व्यवस्था और बालिकाओं को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।इस दौरान बीएसए प्रवीण तिवारी सहित विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।
