
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 23 अप्रैल। जिले की 11 नवसृजित देशी मदिरा दुकानों के व्यवस्थापन के लिए गुरुवार को ई-लॉटरी का तृतीय चरण पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुआ। डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता एवं एसपी डॉ. ख्याति गर्ग की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया सम्पन्न कराई गई।
डीएम ने लॉटरी प्रक्रिया की शुरुआत में सभी आवेदकों को सिमुलेशन (डेमो) के माध्यम से पूरी प्रणाली की जानकारी दी, ताकि प्रक्रिया की पारदर्शिता पर किसी प्रकार का संदेह न रहे। इसके बाद फाइनल ई-लॉटरी सम्पन्न कराई गई, जिसमें 212 आवेदकों में से 11 अनुज्ञापियों का चयन किया गया।
पूरी प्रक्रिया के दौरान प्रशासन ने निष्पक्षता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सभी चरण निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पादित किए गए हैं, जिससे चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे। ई-लॉटरी प्रक्रिया के सफल आयोजन के बाद चयनित आवेदकों में उत्साह देखा गया।
इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी राजवीर सिंह, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी महेंद्र सिंह सहित प्रक्रिया से जुड़े अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
