(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 06 फरवरी। सफाई कर्मियों की देयताओं में अनावश्यक विलंब आखिरकार भारी पड़ गया। पंचायती राज विभाग में तैनात लिपिक मनोज शुक्ला को सीडीओ अभिषेक कुमार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कार्रवाई की खबर मिलते ही विकास भवन में हलचल तेज हो गई।

जानकारी के अनुसार जिले के 10 विकास खंडों में कार्यरत सफाई कर्मियों के स्थापना संबंधी कार्यों की जिम्मेदारी मनोज शुक्ला के पास थी। लंबे समय से वेतन और अन्य देयताओं के निस्तारण में देरी की शिकायतें मिल रही थीं। पूर्व में चेतावनी जारी कर कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार ने स्वयं संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की पुष्टि होने पर निलंबन की कार्रवाई कर दी गई। सीडीओ ने साफ कहा कि कर्मचारियों की देयताओं से जुड़े मामलों में ढिलाई किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है।
सीडीओ के इस कड़े रुख से विकास भवन के अन्य कर्मचारियों में भी संदेश गया है कि समयबद्धता और पारदर्शिता से ही कार्य करना होगा। सूत्रों के मुताबिक, विभागीय कार्यों की समीक्षा अब और सख्ती से की जाएगी, ताकि आम कार्मिकों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े।

बताते चलें कि सीडीओ ने कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए एक विशेष दिवस निर्धारित किया है, जिस दिन संबंधित अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर उनकी शिकायतें सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करते हैं।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed