


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 10 मार्च। जनपद में सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल पर बुनियादी शिक्षा को नया रंग और बच्चों की रचनात्मकता को पंख देने की पहल शुरू हो गई है। मंगलवार को विकास खंड नकहा के कंपोजिट विद्यालय धोबाहा में सीडीओ अभिषेक कुमार ने विंटर आर्ट किट वितरण एवं ‘प्लेग-ऑफ’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर उत्साह और रंगों से भरे भविष्य की झलक साफ दिखाई दी। सीडीओ ने परिषदीय स्कूलों की बालिकाओं के साथ वितरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की और बच्चों को किट सौंपते हुए कहा कि शिक्षा को केवल किताबों तक सीमित न रखकर कला और पर्यावरण से जोड़ना समय की मांग है।
उन्होंने बताया कि एजुकेट गर्ल्स संस्था इस अभियान के तहत जिले के 83 परिषदीय विद्यालयों के 4150 छात्र-छात्राओं को लर्निंग किट उपलब्ध कराई जाएंगी। पहले चरण में कंपोजिट विद्यालय धोबाहा के 60 बच्चों को किट वितरित की गई।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि संस्था का GKP++ (ज्ञान का पिटारा) मॉडल बच्चों के सीखने के तरीके को रोचक और प्रभावी बनाएगा। इससे न केवल उनकी रचनात्मक क्षमता बढ़ेगी बल्कि विद्यालय से उनका जुड़ाव भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें शासन के निपुण भारत जैसे लक्ष्यों को हासिल करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में सीडीओ ने बच्चों से जीवन कौशल पर संवाद करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। वहीं बीईओ शत्रुघ्न सरोज, प्रधानाध्यापक जगदीश कुमार और शिक्षकों बृजेंद्र वर्मा, कुसुमलता व ज्योति ने इस पहल को विद्यालय के लिए नई ऊर्जा बताया।
सीडीओ ने छात्रा सृष्टि और लक्ष्मी के साथ विंटर कैंप वाहन को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत किया। इस मौके पर एजुकेट गर्ल्स टीम से इंद्रदेव तिवारी, अंकित दीक्षित, प्रमोद कुमार, हरदीप सिंह, अमित कुमार सिंह और विपिन कुमार मौजूद रहे। सीडीओ ने पूरी टीम को ग्रामीण शिक्षा के लिए उनके समर्पण और प्रयासों की सराहना करते हुए प्रोत्साहित किया।
