(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 11 मार्च। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अटल सभागार में महिला जनसुनवाई आयोजित कर महिलाओं से जुड़े प्रकरणों के प्रति गहरी संवेदनशीलता दिखाई। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, पारिवारिक कलह तथा अन्य प्रकार के महिला उत्पीड़न से जुड़े 49 नए मामलों की विस्तार से सुनवाई की गई। साथ ही पूर्व से आयोग के समक्ष विचाराधीन लंबित प्रकरणों पर भी प्रगति की समीक्षा कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाओं ने आयोग सदस्य के समक्ष अपनी व्यथा खुलकर रखी। उन्होंने पुलिस, पारिवारिक और सामाजिक उत्पीड़न संबंधी मामलों को विस्तार से बताया। श्रीमती सुजीता कुमारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित महिलाओं को समयबद्ध न्याय दिलाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, और इसमें कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी वंदना सिंह, नायब तहसीलदार सुनील कुमार, थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला, वन स्टॉप सेंटर प्रभारी रश्मि चतुर्वेदी, संरक्षण अधिकारी अनुज चतुर्वेदी और अन्य अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed