पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर खीरी 10 मार्च! मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और निर्देशों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण की दिशा में जनपद लखीमपुर खीरी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। इसी का परिणाम है कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की फरवरी माह की रैंकिंग में जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश में चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है। साथ ही आईजीआरएस में सितंबर माह से लगातार छह माह तक लखनऊ मंडल में प्रथम स्थान हासिल कर जिला प्रशासन ने अपने कार्य की प्रभावी कार्यशैली और जवाबदेही का परिचय दिया है।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व में यह स्पष्ट हो गया है कि जनपद में योजनाएं केवल कागज़ों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं और जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। यानी काम का असर दिख रहा है और शासन की सेवा समय पर जनता तक पहुंच रही है।
सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग के आंकड़ों के अनुसार जिले ने आधारभूत विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी परियोजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया। राजस्व विभाग ने भी बेहतर प्रदर्शन कर राज्यभर में छठा स्थान प्राप्त कर मिसाल कायम की है।
वही आईजीआरएस रैंकिंग में छह महीने की लगातार हैट्रिक ने दिखा दिया कि खीरी प्रशासनिक कार्यकुशलता का परचम फहराने वाला जिला है। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण, जनसुनवाई और ऑनलाइन फीडबैक की कड़ी निगरानी ने खीरी को लखनऊ मंडल में अव्वल बना दिया।
डीएम बोलीं, जनता का विश्वास और टीम की मेहनत का परिणाम है जिले का प्रदेश में शानदार प्रदर्शन
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि फरवरी माह में भी सीएम डैशबोर्ड और आईजीआरएस की रैंकिंग में जनपद लखीमपुर खीरी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। मा.मुख्यमंत्री जी के विजन के अनुरूप योजनाओं और विकास कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाया, आगे भी यह क्रम अनवरत जारी रहेगा।
डीएम ने कहा कि जनता की शिकायतों का प्रभावी और संवेदनशील निस्तारण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह उपलब्धि जिले की पूरी प्रशासनिक टीम की सामूहिक मेहनत और जनता के भरोसे का परिणाम है। हमने यह साबित किया है कि जब टीमवर्क और ईमानदारी साथ हो, तो हर लक्ष्य संभव है। कहा कि सीडीओ, दोनों एडीएम, सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय बैठकों, विभागवार समीक्षा और डैशबोर्ड मॉनीटरिंग ने सफलता की मजबूत नींव रखी है। प्रत्येक विभाग को शून्य लंबित शिकायत का लक्ष्य सौंपा गया था, जिस पर लगातार फॉलोअप ने अद्भुत परिणाम दिए हैं।
लखनऊ मंडल की रैंकिंग में लखीमपुर खीरी का दबदबा
लखनऊ मंडल के 6 जिलों की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में लखीमपुर खीरी ने चौथा स्थान हासिल कर मंडल में पहला स्थान दर्ज किया। इसके बाद हरदोई 23वें, सीतापुर 26वें, उन्नाव 53वें, रायबरेली 51वें और लखनऊ 75वें स्थान पर रहे।
जनशिकायत निस्तारण में मितौली बनी मॉडल, IGRS रैंकिंग में प्रदेश में बनी नंबर वन
जनपद की मितौली तहसील ने आईजीआरएस रैंकिंग में पूरे प्रदेश की 351 तहसीलों में पहला स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। फरवरी माह की तहसील स्तरीय मूल्यांकन रिपोर्ट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मितौली ने प्रदेश भर की सभी तहसीलों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से न केवल जनपद बल्कि पूरे लखनऊ मंडल का नाम भी रोशन हुआ।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के सतत मार्गदर्शन और प्रभावी मॉनिटरिंग में शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष फोकस किया गया। तहसील मितौली में एसडीएम मधुसूदन गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व एवं प्रशासनिक टीम ने पारदर्शिता, जवाबदेही, समयबद्ध समाधान को प्राथमिकता दी। मौके पर जांच, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के चलते तहसील ने प्रदेश में नंबर वन का स्थान हासिल किया।