(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखनऊ/लखीमपुर, 05 मार्च 2026 प्रकृति प्रेमियों और रोमांचक पर्यटन के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के इको टूरिज्म स्थलों की संपूर्ण जानकारी, बुकिंग सुविधाएं और जरूरी मार्गदर्शन अब बस एक क्लिक की दूरी पर उपलब्ध होंगे। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड (UPETDB) द्वारा तैयार कराया गया ‘यूपी इको टूरिज्म’ (UP Eco Tourism) मोबाइल ऐप प्रदेश के वन्य जीव अभ्यारण्यों, राष्ट्रीय उद्यानों, जंगल ट्रेल्स, झरनों और नदियों जैसे प्राकृतिक आकर्षणों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समेटते हुए पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करता है।
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘डिजिटल युग की मांगों के अनुरूप विकसित ‘यूपी इको टूरिज्म’ ऐप प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में एक नई क्रांति का सूत्रपात है। यह पहल पर्यटकों को प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की भागीदारी और पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा देगी। साथ ही, प्रदेश को इको-फ्रेंडली, सतत और जिम्मेदार पर्यटन के नए दौर में भी अग्रसर करेगी।’ हालांकि, यह ऐप अभी शुरुआती चरण में है, जिसमें लगातार बदलाव किए जा रहे हैं।

ऐप में क्या है खास?

इस मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से उपयोगकर्ता उत्तर प्रदेश के इको टूरिज्म स्थलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, जिनमें फोटो, वीडियो, मार्ग विवरण, आसपास के आकर्षण, गंतव्य तक पहुंच संबंधी जानकारी और यात्रा के लिए उपयुक्त समय आदि शामिल है। इसमें राष्ट्रीय उद्यान, वेटलैंड्स, नेचर ट्रेल्स, फॉरेस्ट सर्किट, ग्रामीण पर्यटन और नदी आधारित गतिविधियों को आसानी से ढूंढा जा सकता है। स्मार्ट सर्च और फ़िल्टर की मदद से गंतव्यों (डेस्टिनेशन) को जिला, गतिविधियों के प्रकार, बजट, दूरी, लोकप्रियता और रेटिंग के आधार पर ढूंढा जा सकता है।
GPS सपोर्ट स्मार्ट मैप्स और नेविगेशन फीचर
ऐप में स्वाइप आधारित नेविगेशन सुविधा दी गई है, जिससे उपयोगकर्ता पसंदीदा स्थल को सेव कर सकते हैं या अगले विकल्प को देख सकते हैं। जीपीएस सपोर्ट स्मार्ट मैप्स और नेविगेशन फीचर के जरिए इको टूरिज्म साइट्स, ठहरने के विकल्प, गतिविधियों और नजदीकी आकर्षण देखे जा सकते हैं। टर्न-बाय-टर्न दिशा निर्देश, आसपास के स्थानों की जानकारी और ऑफलाइन मैप्स की सुविधा कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी उपयोगी रहती है।

AI इटिनेररी प्लान की सुविधा

यूपी इको टूरिज्म’ ऐप कई मायनों में खास है। नवाचार का सुन्दर प्रयोग करते हुए उपयोगकर्ता को यात्रा कार्यक्रम (इटिनेररी) का विकल्प भी दिया गया है। ऐप का एआई (AI) इटिनेररी प्लानर उपलब्ध दिनों, समय, रुचियों और स्थान के आधार पर व्यक्तिगत यात्रा योजना तैयार करता है। उसे मैप्स व बुकिंग सिस्टम से जोड़ने की योजना है। इसी प्रकार, कम्युनिटी और रिव्यू सेक्शन में यात्री अपने अनुभव साझा कर सकते हैं, फोटो और कहानियां भी अपलोड कर सकते हैं। अन्य यात्रियों की समीक्षाएं पढ़ सकते हैं और रेटिंग देकर दूसरों को सही निर्णय लेने में मदद कर सकते हैं।

*सुरक्षा का खास ख्याल*

सुरक्षा के लिए ऐप में SOS इमरजेंसी फीचर दिया गया है, जिसमें एक टैप अलर्ट, ऑटो लोकेशन शेयरिंग, आपातकालीन संपर्क निर्देशिका और ऑफलाइन एसएमएस सपोर्ट शामिल है। ऐप में उपयोगकर्ता को रियल टाइम नोटिफिकेशन के माध्यम से मौसम अलर्ट, नए इको टूरिज्म डेस्टिनेशन, बुकिंग रिमाइंडर और सरकारी सलाह समय-समय पर मिलती रहेगी। यह ऐप फिलहाल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है, शीघ्र ही हिंदी में भी सुलभ होगा। इच्छुक UP Eco Tourism ऐप को गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। शीघ्र ही ios प्लेटफॉर्म पर भी लॉन्च किया जाएगा।

ऐप से होगा समय का सदुपयोग-मंत्री

उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘यूपी इको टूरिज्म’ ऐप का उद्देश्य पर्यटकों को एक ही मंच पर प्रदेश के सभी इको पर्यटन स्थलों की समग्र जानकारी उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अक्सर ऐसा होता है कि किसी पसंदीदा स्थल की सैर के बाद पर्यटकों के पास अतिरिक्त समय बच जाता है, पर उन्हें आस-पास के अन्य प्राकृतिक आकर्षणों की जानकारी नहीं मिल पाती। ऐसी परिस्थितियों में यह ऐप मात्र एक क्लिक पर निकटवर्ती इको टूरिज्म स्थलों का सुझाव देकर उनकी यात्रा को और रोमांचक बनाने में मदद करता है। उन्होंने बताया कि भविष्य में ‘यूपी इको टूरिज्म’ ऐप में कई अन्य सुविधाएं देखने को मिलेंगी।’
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *