(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) 39वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, पलिया में कमांडेंट रबीन्द्र कुमार राजेश्वरी की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया । इस अवसर पर वाहिनी के समस्त अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारीगण एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे । सैनिक सम्मेलन की शुरुआत एस.एस.बी. शीर्षक गीत के साथ की गई । सर्वप्रथम कमांडेंट महोदय द्वारा सभी बल कर्मियों को आगामी होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं । अपने संबोधन में उन्होंने सभी कार्मिकों को अपने सर्विस रिकॉर्ड अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने हेतु निर्देशित किया । कमांडेंट ने नेपाल में मार्च माह में होने वाले आगामी चुनावों के मद्देनज़र सीमा क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि सीमा पर चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी रखी जाए तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए । साथ ही सीमा क्षेत्र में निवासरत ग्रामीणों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने एवं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने हेतु खेल-कूद कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया । उन्होंने सभी कार्मिकों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, समय का सदुपयोग करने, नियमित पी.टी. एवं योगाभ्यास करने तथा कैम्प परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए । पारिवारिक मूल्यों पर बल देते हुए उन्होंने सभी बल कर्मियों को अपने परिवार का ध्यान रखने एवं उनसे नियमित संवाद बनाए रखने की भी सलाह दी । सम्मेलन के अंत में उप-निरीक्षक पद के एक कार्मिक के सेवा अवधि पूर्ण होने पर कमांडेंट द्वारा उन्हें स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) प्रदान कर सम्मानित किया गया । इसके उपरांत उच्च मुख्यालय द्वारा वाहिनी को प्रदान किए गए नए वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना कर उन्हें वाहिनी के कर्तव्यों के निर्वहन हेतु सम्मिलित किया गया । सैनिक सम्मेलन का उद्देश्य बल की कार्यकुशलता, अनुशासन एवं मनोबल को सुदृढ़ करना तथा आगामी चुनौतियों के लिए कार्मिकों को सजग एवं तैयार रखना रहा ।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *