(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)गोला गोकर्णनाथ, खीरी।लोक जन संघर्ष पार्टी के बैनर तले ग्राम पंचायत बांसगांव की विभिन्न समस्याओं और कथित भ्रष्टाचार के विरोध में चल रहा सत्याग्रह 14वें दिन भी जारी रहा। हैरानी की बात यह रही कि इतने दिनों बाद भी किसी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना जरूरी नहीं समझा।
धरना स्थल पर पार्टी महासचिव रामनिवास शुक्ला ने आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गई हैं। विद्यालय और पंचायत भवन में मरम्मत व फर्नीचर के नाम पर भुगतान तो निकाल लिया गया, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयान कर रही है।
उन्होंने विधान परिषद सदस्य द्वारा एक मोहल्ले की गली में लगाए गए इंटरलॉक के शिलान्यास अभिलेख पर भी सवाल उठाए। आरोप है कि अभिलेखों में इंटरलॉक के साथ नाली निर्माण दर्शाया गया है, जबकि न तो नाली बनी है और न ही यह कार्य नया है। यह कार्य पिछली पंचवर्षीय योजना में करीब एक वर्ष पूर्व ही कराया जा चुका है, बावजूद इसके उसी कार्य को दूसरे नाम से दोबारा कार्य योजना में शामिल कर दिया गया।
रामनिवास शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक पंचायत की समग्र और निष्पक्ष जांच नहीं कराई जाती, तब तक सत्याग्रह, धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल लगातार जारी रहेगी।
धरने में रामविलास भार्गव, रचित शुक्ला, सियाराम शुक्ला, सज्जन कुमार, नरेंद्र कुमार, संजय सक्सेना, मोहित शुक्ला, पिंटू शुक्ला, अश्वनी कुमार, पंचायत सदस्य रीता देवी सहित कई ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *