(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी। सरस्वती सनातन धर्म विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज में सफलता के नए कीर्तिमान रचने हेतु कक्षा द्वादश की छात्राओं का ‘‘शुभकामना समारोह‘‘ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वन्दना से हुआ। कक्षा एकादश की छात्राओं ने सुन्दर कविताओं, भाषणों, गीतों व नृत्य प्रस्तुति के द्वारा द्वादश की छात्राओं का उत्साहवर्धन किया तथा शुभकामना सन्देश व उपहार प्रदान किये। मुख्य अतिथि के रूप में नगर की प्रतिष्ठित मनोचिकित्सक एवं परामर्शदात्री डॉ0 अणिमा मेहता सक्सेना ने छात्राओं को जीवन में सफल होने का मूलमंत्र दिया कि थोड़ी भी असफलता से विचलित न हों, निरन्तर प्रयास करने से आपको अवश्य सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक का उपयोग जैसे मोबाइल, कम्प्यूटर आदि का प्रयोग अपनी पढ़ाई के लिए ही करें। अपने मन पर नियंत्रण करके, अनुशासन व आत्म विश्वास से अपने को लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। इस अवसर पर द्वादश की छात्राओं में से यशस्वी अवस्थी को ‘‘मिस फेयरवेल‘‘ एवं बहन रिशिता श्रीवास्तव को ‘‘रनर अप‘‘ चयनित किया गया तथा बहन स्तुति सक्सेना को ’’स्टूडेन्ट ऑफ द इयर 2025’’ का पुरस्कार प्रदान किया गया एवं अनेक सुन्दर खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को विद्यालय प्रबन्ध समिति की सदस्य नूतन गुप्ता एवं इतिहास संकलन समिति के अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने छात्राओं को शुभकामनाएं दी। विद्यालय प्रबन्ध समिति की अध्यक्ष रश्मि बाजपेई ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानाचार्य शिप्रा बाजपेई ने कहा कि हम अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारण का महत्व समझें, लक्ष्य के प्रति एकान्तिक निष्ठा, अटूट श्रृद्धा एवं परिपूर्ण समर्पण ही हमें उस निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक होता है। साथ ही द्वादश की छात्राओं को परीक्षाओं में बिना किसी घबराहट के पूरे आत्मविश्वास एवं लगन के साथ सम्मिलित हो सर्वोत्तम परिणाम प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *