(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी)
देश की स्वतंत्रता, सामाजिक पुनर्जागरण और नैतिक मूल्यों की मजबूत आधारशिला रखने वाली पद्म विभूषण जानकीदेवी बजाज की 133वीं जयंती पर पलिया, गोला एवं खंभारखेडा चीनी मिल परिसर में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उनकी जयंती पर बजाज समूह के संरक्षक शिशिर बजाज द्वारा जारी संदेश से सभी को अवगत कराया गया। अपनी दादी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिशिर बजाज ने कहा कि वह सादगी, साहस और निःस्वार्थ राष्ट्रसेवा की जीवंत प्रतिमूर्ति थी।
जानकीदेवी बजाज के स्मरण में जारी संदेश में उन्होंने कहा कि जानकीदेवी बजाज का जीवन अनुशासन, करुणा और गांधीवादी मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से ओतप्रोत था। महात्मा गांधी से प्रेरित होकर उन्होंने स्वदेशी, खादी और सादे जीवन को अपनाया और स्वयं को समाज, नारी सशक्तिकरण और ग्रामीण उत्थान की सेवा में समर्पित कर दिया। बजाज ग्रुप के चेयरमैन कुशाग्र बजाज के प्रति उनके दिल मे असीम प्यार था। उनकी नैतिक स्पष्टता आज भी बजाज समूह के ‘नैशन बिल्डिंग’ के लिए दिशा निर्देश देती है। सात जनवरी 1893 को मध्य प्रदेश के जावरा में जन्मीं जानकीदेवी का जीवन बाल्यावस्था में ही जमनालाल बजाज से विवाह के पश्चात समाजसेवा की ओर अग्रसर हो गया था। वर्धा, महाराष्ट्र में बसने के बाद वे भारत के स्वतंत्रता संग्राम से सक्रिय रूप से जुड़ीं। उन्होंने महिला शिक्षा, सामाजिक समानता, पशु कल्याण और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया। आचार्य विनोबा भावे के साथ भूदान आंदोलन में उनकी सक्रिय भूमिका रही और वे अखिल भारतीय गोसेवा संघ की अध्यक्ष भी रहीं। 1956 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद द्वारा उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। उनकी आत्मकथा “मेरी जीवन यात्रा उनके अनुशासित और मूल्य-आधारित जीवन का सशक्त दस्तावेज है।
जानकी देवी की जयंती के अवसर पर
उनके पौत्र शिशिर बजाज व परपौत्र कुशाग्र बजाज काफी भावुक रहे और अपील की कि सभी उनके आदर्शों और राष्ट्रनिर्माण में योगदान को अपने जीवन मे स्थान दे।

बजाज समूह के बारे में
1926 में स्वतंत्रता सेनानी और महान समाजसेवी जमनालाल बजाज द्वारा स्थापित बजाज समूह आज भारत के सबसे प्रतिष्ठित और विविधीकृत औद्योगिक समूहों में से एक है। समूह की प्रमुख कंपनियों में बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड, भारत की सबसे बड़ी एकीकृत चीनी उत्पादक कंपनी है। बजाज एनर्जी लिमिटेड उत्तर प्रदेश में 2,430 मेगावाट क्षमता के साथ राज्य की लगभग 10 फीसद बिजली आपूर्ति करने वाली ऊर्जा कंपनी है। बजाज कंज़्यूमर केयर लिमिटेड प्रीमियम हेयर ऑयल श्रेणी में अग्रणी ‘बजाज आल्मंड ड्रॉप्स’ ब्रांड शामिल हैं। बजाज समूह उद्योग और समाज के बीच संतुलन बनाते हुए अपने संस्थापक मूलमंत्र व्यवसाय के माध्यम से राष्ट्र निर्माण को निरंतर साकार कर रहा है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *