पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 15 नवंबर। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील मोहम्मदी के सभागार में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने एक ओर जहां फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, वहीं दूसरी ओर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे।
जनसुनवाई के दौरान डीएम व एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोषजनक निस्तारण करें और भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्यवाही करे।
इस समाधान दिवस में कुल 76 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत हुए, जिनमें से 05 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 42, पुलिस विभाग की 11, विकास विभाग की 08, विद्युत विभाग की 04, नगर निकाय की 03, आपूर्ति और गन्ना 02-02, समाज कल्याण, नलकूप, बालविकास पुष्टाहार, लोक निर्माण 01-01 शिकायतें शामिल रहीं। सभी प्रार्थना पत्रों को पृष्ठांकित कर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु सौंपा गया। इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम चलुवराजू आर, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, पीडी एसएन चौरसिया, डीडीओ गजेंद्र प्रताप सिंह, सीओ मोहम्मदी सहित जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*समाधान दिवस पर खिले चेहरे, योजनाओं की सौगात ने बढ़ाई खुशियाँ*
संपूर्ण समाधान दिवस जनपद में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का साक्षी बना। विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा और सीडीओ अभिषेक कुमार ने मंच से स्वयं लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सौंपा। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थी विमला, राजपाल, सुरती, पवन शबनम को स्वीकृति पत्र प्रदान किया। इसके अलावा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत सविता गुप्ता, रिंकी राठौर, गीता देवी, मीरा देवी को हितलाभ प्रमाण पत्र सौंपे गए और राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन के लाभार्थी रामदेवी, सीता देवी, सत्यवती को पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।