(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 18 अक्टूबर। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर तहसील सदर के लोक सभागार में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने एक ओर जहां फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं, वहीं दूसरी ओर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे।

जनसुनवाई के दौरान डीएम व एसपी ने अन्य अधिकारियों के साथ प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया और स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकताओं में जनसमस्याओं का समाधान सर्वोपरि है। गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की समस्याओं का संवेदनशीलता से तुरंत समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए संतोषजनक निस्तारण करें और भूमि विवादों में राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल कार्यवाही करे।

इस समाधान दिवस में कुल 44 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत हुए, जिनमें से 03 का मौके पर निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 19, पुलिस विभाग की 11, विकास विभाग की 02, नगर निकाय की 04, आपूर्ति 03, विद्युत 02 , कृषि की 03 शिकायतें शामिल रहीं। सभी प्रार्थना पत्रों को पृष्ठांकित कर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण हेतु सौंपा गया। इस दौरान सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एसडीएम अश्विनी कुमार सिंह, पीडी एसएन चौरसिया सहित जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

समाधान दिवस पर मुस्कुराए चेहरे : महिलाओं को मिली घरौनी की सौगात

संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने शासन की महत्वाकांक्षी स्वामित्व योजना के तहत सात महिलाओं को घरौनी (स्वामित्व प्रमाणपत्र) वितरित किए गए। घरौनी पाकर महिलाओं के चेहरों पर आत्मविश्वास और खुशी झलक उठी। इसके साथ ही कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत चार महिलाओं को सहायता धनराशि का चेक प्रदान किए गए।

*डीएम की संवेदनशील पहल : गरीब छोटे राठौर को मिला सहारा*

तहसील मितौली के मोहल्ला कटरा कुआं निवासी छोटे राठौर की दीन-हीन स्थिति की सूचना मिलते ही डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर प्रशासन ने परिवार को राहत पहुंचाई और विभिन्न योजनाओं में शामिल किया। शनिवार को डीएम ने स्वयं छोटे राठौर को अंत्योदय कार्ड प्रदान कर सहायता की नई राह खोली।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *