

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां(खीरी)लखीमपुर खीरी, 27 सितंबर। नवरात्र, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, रामलीला, वाल्मीकि जयंती, धनतेरस, दीपावली, भाई दूज और छठ जैसे आगामी बड़े त्योहारों को देखते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में जिला शांति समिति की अहम बैठक ली। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
आगामी त्योहारों को देखते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जनपद वासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में इस बैठक में शामिल होना आप सब की प्रतिबद्धता और जागरूकता को दर्शाता है।
त्योहारों की खुशियों में सुरक्षा और सतर्कता सबसे बड़ी प्राथमिकता है। लापरवाही न करें, मिलकर सुरक्षित माहौल बनाएं। डीएम ने स्पष्ट किया कि शोभायात्राओं में मूर्तियों की ऊंचाई अधिक न हो, और छोटे बच्चों को विसर्जन स्थलों के बहुत पास न जाने दें। खीरी अमन चैन के लिए मशहूर रहा है। इस परम्परा को कायम रखते हुए आगामी त्योहार भी सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।
एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि आगामी एक माह में जिले में बड़ी संख्या में महत्वपूर्ण त्योहार होंगे। उन्होंने आयोजकों को निर्देश दिए कि दुर्गा पूजा पंडाल में तारों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, खुले तार न रहें। सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से मूर्तियों की ऊंचाई नियंत्रित रखें। गैर परंपरागत जुलूस की अनुमति नहीं होगी। किसी भी शिकायत की स्थिति में तुरंत 112, प्रभारी निरीक्षक, पुलिस क्षेत्राधिकारी और एसडीएम को सूचित किया जाए।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि पंडाल, विसर्जन और रावण दहन स्थल पर सुरक्षा की पूरी व्यवस्था हो। रावण दहन में ऊंची दूरी वाले पटाखों का प्रयोग न करें, कम से कम पटाखों का इस्तेमाल करें। आयोजक मंडल और वॉलिंटियर्स की सूची प्रशासन के साथ साझा करें। नगर निकायों को साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी करने के निर्देश दिए। चेताया कि सोशल मीडिया पर फेक और एआई जेनरेटेड वीडियो की भरमार है। कोई भी वीडियो बिना पुष्टि के शेयर न करें, बल्कि प्रशासन को तुरंत सूचना दें।
बैठक में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, एएसपी पवन गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत शैलेंद्र कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लखीमपुर संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में सभी संप्रदायों के धर्मगुरु और आयोजनगण मौजूद रहे।
