



(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 24 सितंबर। ब्लॉक नकहा के सभागार में बुधवार को मिशन शक्ति 5.0 के तहत “पोषण पंचायत” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजाता कुमारी ने की, जबकि ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता, खंड विकास अधिकारी संगीता यादव, डीपीओ भारत प्रसाद और सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सदस्य राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश सुजाता कुमारी ने जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों का सही पोषण उनके स्वास्थ्य और भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने माताओं को समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित पोषण देने और बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास पर ध्यान देने की प्रेरणा दी।
ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता ने कहा कि पोषण पंचायत माताओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं और अपने परिवार में पोषण और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। डीपीओ भारत प्रसाद ने मिशन शक्ति एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी, जिससे उपस्थित माताओं और महिलाओं को सरकारी लाभों और सेवाओं के प्रति जागरूकता मिली।
*गोद भराई-अन्नप्राशन संस्कार और सरकारी लाभ वितरण*
कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली देकर गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया, जबकि पांच शिशुओं को खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार आयोजित किया गया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और कन्या सुमंगला योजना के 5-5 लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
*स्वरोजगार और सुरक्षा पर जोर: मिशन शक्ति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ी*
मिशन शक्ति 5.0 के दौरान NRLM के तहत संचालित स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं के स्वरोजगार, THR प्लांट और आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। खीरी थाने की पुलिस टीम ने महिलाओं की सुरक्षा और सहायता हेतु पुलिस विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। उपस्थित ग्राम प्रधानों ने अपने-अपने ग्राम पंचायत में इस अभियान के माध्यम से जनसहभागिता बढ़ाने का संकल्प भी लिया।
