

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)गोला गोकर्णनाथ -खीरी
बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड चीनी मिल गोला के मिल गेट जोन के ग्राम तिलकपुर में प्रगतिशील कृषक अवधेश कुमार पुत्र रमेश चन्द्र के खेत पर गन्ना प्रजाति कोलख.16202 के एक आँख के टुकड़े काटकर ,बीज का उपचार थायोफिनेट मिथाइल से एवं भूमि उपचार ट्राइकोडर्मा से कराकर शरदकालीन गन्ना बुआई का शुभारंभ विधिवत पूजापाठ करके मंत्रोउच्चार के साथ शुरु किया गया।
शरदकालीन गन्ने की बुआई चीनी मिल के इकाई प्रमुख नीरज बंसल एवं वरिष्ठ महाप्रबन्धक गन्ना पी.एस.चतुर्वेदी ने अपने कर कमलो से एक-एक आंख के टुकड़ों को ट्रेंच(4 फ़ीट) विधि से तैयार खेत में डालकर प्रारंभ कराई।
गन्ना बुआई के उपरान्त खेत पर ही एक कृषक गोश्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें इकाई प्रमुख ने कृषकों से अपील की कि जल्द ही शुरू हो रहे पेराई सत्र में अपना समस्त गन्ना अपनी चीनी मिल गोला में ही आपूर्ति करें साथ ही ज्यादा से ज्यादा क्षेत्रफल में शरदकालीन गन्ने की बुआई करें।
वरिष्ठ महाप्रबंधक गन्ना ने बताया कि सर्वे सट्टा सुधार हेतु गन्ना समिति में 16 सितम्बर से 26 सितम्बर तक सुधार का अन्तिम अवसर मेले का आयोजन होगा जिसमें किसान भाई सर्वे सट्टे में जो भी त्रुटि हो उसको प्रार्थना पत्र देकर सुधार अवश्य करा लें। साथ ही नए सदस्य बनने की तथा उपज बढ़ोत्तरी की रसीद भी इसी मेले में काटी जाएगी।
शरद कालीन गन्ना बुआई से होने वाले लाभ की जानकारी किसानों को दी गई। उनसे एक या दो आँख के टुकड़े काटकर लाइन से लाइन की दूरी कम से कम 4 फीट पर गन्ना बुआई करना चाहिए,इस विधि से गन्ना गिरता नहीं है तथा सिंचाई,खाद व कीटनाशक का प्रयोग आसानी से लाईनों में किया जा सकता है, साथ ही इसके साथ सहफसल के रूप में आलू,सरसों, मटर, मूली, लहसुन आदि की भी बुआई करके दोहरा लाभ ले सकते हैं। मिल क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में शरद कालीन गन्ना बुआई हेतु उन्नतशील प्रजातियों जैसे को०118,कोलख०14201,कोलख०16202 एवं को०15023 का बीज उपलब्ध है तथा मृदा उपचार हेतु ट्राइकोडर्मा व बीज उपचार हेतु थायोफिनेट मिथाइल मिल द्वारा कृषकों को छूट पर उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कृषकों से अपील की कि अस्वीकृत व अनामित प्रजातियों की बुआई कदापि न करें।
गोष्ठी में क्षेत्र के प्रगतिशील किसान वीरेन्द्र मिश्र(डेलीगेट),श्री कृष्ण(डेलीगेट),छत्रपाल, बाबूराम,ओमप्रकाश, अनिलकुमार,अजीत कुमार सहित तमाम कृषक उपस्थित रहे तथा चीनी मिल के सहायक महाप्रबंधक गन्ना ओ.डी. शर्मा,सतेन्द्र मिश्रा गन्ना प्रबंधक, उप प्रबन्धक गन्ना शिवांशु शुक्ला एवं कामदार अमरनाथ,संजय प्रजापति ,आशीष वर्मा सहित समिति भी उपस्थित रहे।
