(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 11 सितंबर। अपने तय कार्यक्रम के तहत जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गुरुवार को प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग के साथ शारदा बैराज पहुँचे। बैराज परिसर में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने उनका स्वागत किया। मंत्री ने विभागीय और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैराज का स्थलीय निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जल शक्ति मंत्री ने शारदा बैराज, शारदा पोषक नहर, हेड रेगुलेटर तथा जल यांत्रिक संयंत्रों एवं स्वचालन कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैराज के गेट संख्या 18 एवं 19 को स्टार्ट बटन दबाकर संचालन प्रक्रिया का अवलोकन किया, जो पूर्णतः सुचारु पाई गई। इस दौरान बैराज के समस्त गेटो का संचालन सुगम पाया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता (यांत्रिकी) सुजीत कुमार सिंह ने अवगत कराया कि शारदा बैराज में कुल 20 गेट हैं, जिनकी क्षमता लगभग 4,02,000 क्यूसेक है। वर्ष 2008 में बैराज से अधिकतम 3,94,752 क्यूसेक प्रवाह दर्ज किया गया था। सभी गेट स्काडा प्रणाली से पूर्णतः स्वचालित हैं, साथ ही आवश्यकता पड़ने पर मैनुअल संचालन की सुविधा भी उपलब्ध है। बैराज की दाहिनी ओर स्थित शारदा सहायक पोषक नहर की क्षमता 27,000 क्यूसेक है, जिससे प्रदेश के 18 जनपद लाभान्वित होते हैं।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से बाढ़ एवं कटान निरोधी परियोजनाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों की परियोजनाओं की सतत मॉनिटरिंग हो, ताकि किसानों और आमजन को समय पर राहत मिल सके। मंत्री ने नदी के जलस्तर बारे में भी जानकारी ली। इस पर अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में शारदा और घाघरा नदियाँ खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं। शारदा नदी में कराया गया चैनलाइजेशन कार्य प्रभावी साबित हो रहा।

इस दौरान प्रमुख सचिव (सिंचाई) अनिल गर्ग, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, अमन गिरी, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, सिंचाई विभाग के एचओडी संदीप कुमार, मुख्य अभियंता प्रभाकर प्रसाद, उपेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नीलेश जैन, धर्मेंद्र कुमार, लवकुश सिंह, विजय कुमार, अधिशासी अभियंता अजय कुमार, करणपाल, राम बहादुर, सुरजीत कुमार सिंह सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *