(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 10 सितंबर। जिले के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों की तस्वीर बदलने के लिए शासन की महत्वाकांक्षी योजना “प्रोजेक्ट अलंकार” पर बुधवार को अटल सभागार में अहम बैठक हुई। बैठक में सीडीओ अभिषेक कुमार ने विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधकों को योजना की जानकारी दी। संचालन डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सीडीओ ने कहा कि प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों के आधुनिकीकरण व भवनों के कायाकल्प के लिए सरकार 75% तक अनुदान देगी, जबकि 25% भागीदारी विद्यालय प्रबंधन को करनी होगी। उन्होंने प्रबंधकों व प्रधानाचार्यों से अपील की कि हर विद्यालय से कम से कम एक प्रस्ताव अवश्य भेजा जाए, ताकि अधिक से अधिक संस्थान योजना का लाभ ले सकें।

बैठक के दौरान कुछ प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों ने वित्तीय हिस्सेदारी, प्रस्ताव की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं को लेकर सवाल पूछे। सीडीओ ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी और भ्रम दूर किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों की जरूरत और प्राथमिकता के हिसाब से प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएं।

डीआईओएस विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि यह योजना न केवल भवनों को नया रूप देगी, बल्कि शिक्षा के वातावरण को भी बेहतर बनाएगी। विद्यालय तभी आकर्षक होंगे, जब उनका ढांचा आधुनिक होगा।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *