(७ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी। सोमवार को जिले की नोडल अधिकारी गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस ने शासन से नामित विशेषज्ञ सेवानिवृत्त आईएएस कुमदलता श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त आईएफएस अजय कुमार श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक यूपीसी कॉरपोरेशन डॉ. रामशब्द जैसवारा, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, सीडीओ अभिषेक कुमार संग राजापुर में संचालित आकांक्षा स्टोर और आकांक्षा कैफे का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। अफसरों ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों का अवलोकन किया और जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की। उत्पादों की ब्रांडिंग और मार्केटिंग पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सीडीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले के स्वयं सहायता समूह के उत्पादों को अब “लखीरा” ब्रांड के नाम से पहचान मिल रही है।

*स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद*
नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस और विशेषज्ञ टीम ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। इस दौरान शताब्दी संकल्प @2047 अभियान की आवश्यकता और प्रासंगिकता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि समृद्ध उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। अधिकारियों ने अपील करते हुए कहा कि अगले एक माह के भीतर क्यूआर कोड स्कैन कर अपने सुझाव अवश्य भेजें। यह प्रक्रिया बेहद सरल है और हर परिवार सीधे शासन तक अपने विचार पहुँचा सकता है।

*सफलता की कहानियों ने बटोरी वाहवाही*
सरस्वती स्वयं सहायता समूह की रविंद्र कौर, नवी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की सफीका और ठाकुर जी प्रेरणा स्वयं सहायता समूह की सावित्री देवी ने अफसरों के समक्ष अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बना रही हैं।

नोडल अधिकारी और विशेषज्ञ टीम ने आकांक्षा कैफे का भी अवलोकन किया। यहां के संचालन और सेवाओं की मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई। अफसरों ने कहा कि यह पहल महिलाओं की आर्थिक मजबूती की दिशा में प्रेरणादायक कदम है।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *