



(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी। शताब्दी संकल्प @2047 अभियान के तहत सोमवार को नोडल अधिकारी एवं गन्ना आयुक्त मिनिस्ती एस शासन से भेजी गई विशेषज्ञ टीम संग नकहा ब्लॉक की ग्राम पंचायत शैलगांव पहुँची। यहाँ उन्होंने विकास कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं।
कार्यक्रम की शुरुआत नोडल मिनिस्ती एस, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, सीडीओ अभिषेक कुमार, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता और ग्राम प्रधान सुनैना गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद लाभार्थियों को पीएम-आवास, सीएम-आवास, फैमिली आईडी, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा सीसीएल का वितरण किया गया। ग्रामीणों से संवाद करते हुए उनके विचार जाने और उनकी समस्याएं को भी नोट किया। उपस्थित ग्रामीणों ने मनरेगा मजदूरी बढ़ाने जाने की मांग की। सरकार की ओर से कराए गए कार्यों पर संतोष जताया। वही समूह की एक महिला ने आरएफ फंड बढ़ाने की मांग की।
शासन से नामित विशेषज्ञों में सेवानिवृत्त आईएएस कुमदलता श्रीवास्तव, सेवानिवृत्त आईएफएस अजय कुमार श्रीवास्तव, यूपीसी कॉरपोरेशन के संयुक्त निदेशक डॉ. रामशब्द जैसवारा और सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता पीडब्ल्यूडी सलिल यादव ने शताब्दी संकल्प @2047 की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समृद्ध भारत के लिए आमजन की भागीदारी जरूरी है। ग्रामीणों से अपील की कि वे एक माह के भीतर पंपलेट में दिए गए क्यूआर कोड के माध्यम से अपने सुझाव अवश्य साझा करें।
*गाँव की व्यवस्थाओं की सराहना*
इसके बाद अफसरों के दल ने परिषदीय स्कूल, लर्निंग लैब, साइंस लैब और मनरेगा पार्क का निरीक्षण किया। चाक-चौबंद व्यवस्थाएँ देखकर अफसरों ने ग्राम प्रधान सुनैना गुप्ता की सराहना की और इसे अन्य गाँवों के लिए अनुकरणीय बताया।
