(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर खीरी 22 जुलाई। विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने और पोर्टल पर सटीक आंकड़े अपलोड कराने को लेकर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंगलवार को अटल सभागार में सीएम डैशबोर्ड व सीएमआईएस पोर्टल की गहन समीक्षा की। विभागवार आंकड़ों की पड़ताल करते हुए डीएम ने कई अधिकारियों को फटकार लगाई और लापरवाही पर नाराजगी जताई।

उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर सीधे सीएमआईएस पोर्टल और सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से योजनाओं की निगरानी की जा रही है, ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। डीएम ने निर्देश दिए कि जिन विभागों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, वे तुरंत सुधारात्मक कदम उठाएं और पोर्टल पर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं।

समीक्षा बैठक में डीएम ने ऊर्जा, बेसिक शिक्षा, उद्योग और एनआरएलएम अधिकारियों को फटकार लगाई। रैंकिंग गिरने पर कारण पूछे और निर्देश दिए कि इस माह शीर्ष रैंक पाने के लिए ठोस प्रयास हों। डीएम ने विद्युत महकमें से साफ कहा कि इस माह की प्रगति पर ही वेतन आहरित होगा। विद्युत विभाग को सप्लाई सुधारने और बीएसए को निपुण भारत रैंकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। एनआरएलएम को बैंकों से समन्वय कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम डैशबोर्ड पर आंकड़े हर हाल में समय से अपडेट हों। विभाग अपनी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और छोटी से छोटी कमी को दूर कर रैंकिंग सुधारने पर विशेष ध्यान दें।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड और सीएमआईएस पर डाले गए आंकड़े महज नंबर नहीं, प्रशासन की पारदर्शिता और जवाबदेही का आईना हैं। अधिकारी सुनिश्चित करें कि डाटा अद्यतन और जमीनी हकीकत से मेल खाते हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही से न सिर्फ विभाग की रैंकिंग गिरेगी, बल्कि जिले की छवि भी प्रभावित होगी। बैठक मे सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, पीडी एसएन चौरसिया, डीएसटीओ अरविंद कुमार सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *