

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर खीरी 21 जुलाई। जिले में 27 जुलाई को उप्र लोक सेवा आयोग प्रयागराज द्वारा 36 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली (सुबह 9:30 से 12:30 बजे तक) में समीक्षा अधिकारी, सहायक समीक्षा अधिकारी परीक्षा होगी, जिसमें 14784 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सोमवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आरओ-एआरओ परीक्षा कुशलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि परीक्षा से जुड़ी जिम्मेदारी एक अत्यंत संवेदनशील कार्य है, जिसमें किसी भी स्तर पर की गई छोटी से छोटी चूक भी अक्षम्य मानी जाएगी। डीएम ने स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा से पहले सभी व्यवस्थाओं की भलीभांति जांच कर लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी कैमरा, अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, तथा सीटिंग प्लान के अनुरूप बैठाने जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा की गाइडलाइन को अच्छी तरह पढ़ें ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना शून्य रहे। हर अभ्यर्थी की आईडी जांचना अनिवार्य होगा, और परीक्षा नियमों का एक भी उल्लंघन पूरी प्रक्रिया को संदेह के घेरे में ला सकता है। सभी अधिकारी पूर्वाभ्यास के तौर पर केंद्रों का निरीक्षण करें और किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर करें। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एएसपी पवन गौतम ने कहा कि इस परीक्षा पर पुलिस की भी पैनी नजर रहेगी। स्पेशल सेल एक्टिव रहेगा। इसलिए इन परीक्षाओं की संवेदनशीलता को समझते हुए आप में से कोई भी किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं
बरतेगा।
*एडीएम और समन्वयी पर्यवेक्षक ने साझा की जरूरी जानकारियां*
बैठक की शुरुआत में एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने परीक्षा प्रारंभ होने से लेकर और समाप्ति तक के सभी बिंदुओं के बारे में बैठक में शामिल सभी को अवगत कराया। आयोग के निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने अफसरों को परीक्षा में उनके उत्तरदायित्व बताएं। आयोग से नामित समन्वयी पर्यवेक्षक दिनेश पांडेय ने परीक्षा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी देकर संबंधित को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान उन्होंने पूछे गए प्रश्नो का सारगर्भित उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया।
बैठक में डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, सभी सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
