(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां-( खीरी)लखीमपुर खीरी, 24 अप्रैल। सरकार आपके द्वार की अवधारणा को साकार करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर जिला प्रशासन का दल गुरुवार को निघासन तहसील के सुदूरवर्ती गांव चौगुर्जी पहुंचा। परियोजना निदेशक डीआरडीए एस.एन. चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित इस चौपाल में गांववासियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही पंजीकरण कर लाभान्वित किया गया।

*चौपाल बनी संवाद और समाधान का सेतु*
गांव के विद्यालय परिसर में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। प्रशासन की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पेंशन योजनाएं, किसान सम्मान निधि, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का मौके पर ही पंजीकरण किया। कई ग्रामीणों को तुरंत भी योजनाओं से लाभान्वित किया गया, जिससे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान ग्रामवासियों ने रात्रिकालीन पथ प्रकाश हेतु सोलर लाइट, आवासीय पट्टों का आवंटन, आवागमन सुविधा के लिए ह्यूम पाइप पुलिया निर्माण तथा शौचालय जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को लेकर प्रशासन के समक्ष मांगें रखीं।

*जनता की भागीदारी से बना विश्वास का माहौल*
परियोजना निदेशक एस.एन. चौरसिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन का उद्देश्य सिर्फ योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उनके प्रभावी क्रियान्वयन के जरिए हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने सभी से योजनाओं का लाभ उठाने और जागरूकता फैलाने की अपील की।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *