(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- (खीरी) लखीमपुर खीरी 19 अप्रैल : आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की अध्यक्षता में तहसील मितौली के सभागार में “संपूर्ण समाधान दिवस” आयोजित हुआ। इस अवसर पर डीएम ने एसपी संकल्प शर्मा व अन्य अधिकारियों ने आये हुए फरियादियों के समस्याओं की गम्भीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को मौके पर जाकर जनशिकायतों की निष्पक्ष जाँच करके समयबद्धता के साथ गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए।डीएम ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी संवेदनशीलता के साथ जनसमस्याओं का निस्तारण करते हुए गरीब व पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल न्याय दिलाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित कर मा. मुख्यमंत्री के निर्देशों को अमलीजामा पहनाया जाय। डीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जनसुनवाई में आने वाले सभी गरीब, ज़रूरतमन्द तथा असहाय लोगों की हर संभव मदद की जाय तथा उन्हें उनकी पात्रतानुसार लाभान्वित भी किया जाय। आम जनता की शिकायतों, आवेदनों के समयबद्ध और संतुष्टिपरक समाधान के लिए शिकायतकर्ता से स्वयं बात करें। पीड़ित/परेशान व्यक्ति की मनोदशा को समझें, उसकी भावना का सम्मान करें और पूरी संवेदनशीलता के साथ उसकी समस्या का समाधान किया जाए।

डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में है, इसलिए सभी अधिकारी रूचि लेकर गुणवत्तायुक्त ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करे। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर गुणवत्तापरक निस्तारण करें। सुनवाई के दौरान डीएम ने न केवल शिकायत लेकर आए फरियादियों की समस्या सुनकर निदान कराया बल्कि योजनाओं को सोगाते भी दी।

डीएम की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 46 शिकायती प्रार्थना पत्र पंजीकृत किये, जिसमें पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व 21, पुलिस 06, विकास, विद्युत और आपूर्ति 04-04, चकबंदी के 02 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिन्हें पृष्ठाकिंत कर सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण हेतु उपलब्ध करा दिया। इस दौरान एसडीएम रेणु मिश्र, सीओ शमशेर बहादुर सिंह, पीडी एसएन चौरसिया, तहसीलदार भीमसेन सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

*दिव्यांग बच्चों को मिला सहारा, डीएम-एसपी ने बांटी एमआर किट*

एमआर किट पाकर खिले नन्हें चेहरों पर मुस्कान

संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी संकल्प शर्मा ने 15 मानसिक मंदित बच्चों को एमआर किट वितरित कर न सिर्फ उन्हें संसाधन दिए, बल्कि उनकी खामोश दुनिया में उम्मीद की रोशनी भी जगाई। इस पहल का उद्देश्य विशेष बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना और समाज में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
जिला प्रशासन की इस संवेदनशील पहल की अभिभावकों ने सराहना की और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। इस मौके पर एसडीएम रेणु मिश्रा, तहसीलदार भीमसेन, जिला दिव्यांगजन संशक्तिकरण अधिकारी अभय कुमार सागर मौजूद रहे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *