(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर खीरी, 07 अप्रैल। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल “सीएम युवा उद्यमी योजना” को ज़मीन पर प्रभावी रूप से उतारने के लिए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने खुद मोर्चा संभाला। सोमवार को जिले में “सीएम युवा उद्यमी योजना” के तहत युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम देखने को मिला, जब डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल स्वयं, सीडीओ अभिषेक कुमार, उपायुक्त उद्योग उज्जवल सिंह और आवेदकों के साथ भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पहुँचीं, जहां डीएम ने योजना की प्रगति का वास्तविक मूल्यांकन करते हुए आवेदकों की दिक्कतों को जाना। इस दौरान डीएम ने सभी आवेदनों की गहन समीक्षा करते हुए बैंक अधिकारियों से लोन पत्रावलियों में हो रही अनावश्यक देरी का स्पष्ट कारण पूछा।

*जवाब में नहीं चाहिए बहाने, चाहिए समाधान*
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने बैंक अधिकारियों से दो टूक कहा कि यह मुख्यमंत्री जी की फ्लैगशिप स्कीम है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पात्र युवाओं को समय पर लाभ पहुँचना चाहिए, यह हमारी प्राथमिकता है। बैंक द्वारा जिन आवेदनों को अस्वीकृत किया गया था, उनके कारण भी डीएम ने विस्तार से समझे, और स्पष्ट निर्देश दिए कि हर पात्र युवा को समय से लाभ पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। यह दौरा न केवल व्यवस्था को गति देने वाला रहा, बल्कि उन सैकड़ों युवाओं के लिए आशा की किरण बना, जो इस योजना के तहत अपना व्यवसाय शुरू करने का सपना देख रहे हैं।

*सीडीओ ने संभाली दूसरी पारी, बैंक ऑफ़ बड़ौदा और एचडीएफसी में भी फूंका दम*
सीएम युवा उद्यमी योजना की रफ्तार अब और तेज़ होगी। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के स्पष्ट निर्देशों के बाद सीडीओ अभिषेक कुमार ने मोर्चा आगे बढ़ाया। स्टेट बैंक की समीक्षा के बाद उन्होंने सीधे बैंक ऑफ़ बड़ौदा और एचडीएफसी बैंक का रुख किया। यहां भी उन्होंने लंबित प्रकरणों की बारीकी से पड़ताल की, आवेदकों से सीधे संवाद किया और बैंक अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेताया कि “योजना की राह में देरी अब नहीं चलेगी!” उन्होंने एक-एक आवेदक से संवाद कर न केवल उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि बैंक अधिकारियों को समाधान आधारित प्रक्रिया अपनाने के लिए प्रेरित किया। सीडीओ ने यह भी सुनिश्चित किया कि जिन आवेदकों की पत्रावलियां लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *