



(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां-(खीरी)लखीमपुर खीरी, 29 मार्च। जिले में क्षय रोग उन्मूलन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। जिले की 167 ग्राम पंचायतों को पूरी तरह से क्षय मुक्त घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के लिए जिला पंचायत सभागार में विश्व क्षय रोग दिवस पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता के साथ सभी 167 ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। वही ग्राम अचरोरा लगातार दो वर्षों से टीबी मुक्त होने पर ग्राम प्रधान को गांधी जी की सिल्वर प्रतिमा देकर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं और ग्रामीण स्तर पर जनसहयोग का नतीजा है, जिससे टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सका है।
*सामूहिक प्रयासों से मिली बड़ी सफलता, 167 ग्राम पंचायतें क्षय मुक्त : डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल*
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि “आज का दिन जिले के लिए गर्व और उत्साह का प्रतीक है। हमारी 167 ग्राम पंचायतों को क्षय मुक्त होना। यह दर्शाता है कि यदि प्रशासन, जनप्रतिनिधि और आमजन एकजुट होकर प्रयास करें, तो किसी भी चुनौती पर विजय पाई जा सकती है। क्षय रोग उन्मूलन की इस सफलता के पीछे सभी ग्राम प्रधानों, स्वास्थ्य कर्मियों और स्थानीय प्रशासन की मेहनत और संकल्पशीलता है। आपकी निष्ठा और परिश्रम ने यह साबित कर दिया है कि स्वस्थ समाज की नींव सामूहिक प्रयासों से ही रखी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में क्षय उन्मूलन अभियान को और सशक्त बनाया जाएगा, ताकि शेष पंचायते भी जल्द से जल्द क्षय मुक्त हो सके। उन्होंने उपस्थित प्रधानों से आग्रह किया कि इस मुहिम को निरंतर आगे बढ़ाते रहें और अपने गांवों में स्वास्थ्य व स्वच्छता को प्राथमिकता दें। अन्य ग्राम प्रधान आपसे प्रेरणा लेंगे। कहा कि सभी ग्राम प्रधानों और इस अभियान में सहयोग देने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। आइए, हम सब मिलकर क्षय मुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए अपने प्रयास जारी रखें।”
*ग्राम प्रधानों की संकल्पशीलता से संभव हुआ क्षय उन्मूलन, डीएम के समक्ष साझा की सफलता की रणनीति*
जिला पंचायत में आयोजित क्षय मुक्त ग्राम पंचायत के सम्मान समारोह कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के समक्ष खरवहिया की ग्राम प्रधान रामरानी, भवानीपुर की ग्राम प्रधान अंजलि पाल, खुर्रमनगर ग्राम प्रधान बलबीर सिंह, ओदरहा के ग्राम प्रधान विपिन शर्मा, गोला देहात के ग्राम प्रधान राजेंद्र गिरी ने ग्राम को किस प्रकार से क्षयमुक्त बनाया, उसकी पूरी रणनीति बताई। इस दौरान प्रधानों ने अपने निजी वाहनों से रोगियों को उपचार हेतु ले जाने की बात पर पूरा सभागार तालियो की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एसीएमओ डॉ अनिल गुप्ता ने टीवी मुक्त ग्राम पंचायत कार्यक्रम की आवश्यकता एवं प्रासंगिकता बताई। कार्यक्रम में डीपीआरओ विशाल सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ लालजी पासी सहित चिकित्सा महकमे के अधिकारी गण,राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत अकाउंटेंट, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सुपरवाइजर, डीपीसी तथा डिप्टी डीटीओ डॉ रवि एवं अन्य स्टाफ के द्वारा सहयोग प्रदान किया गया एवं कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
