
(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी) दिनांक 28 मार्च 2025 को कमांडेंट रवीन्द्र कुमार राजेश्वरी के निर्देशन में 39वीं वाहिनी की समवाय मुख्यालय कीरतपुर के कार्यक्षेत्र में आने वाले गाँव कीरतपुर में मानव चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया । यह शिविर वाहिनी के चिकित्सा अधिकारी डॉ. बृजेश कुमार (कमांडेंट चिकित्सा) की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । इस निःशुल्क चिकित्सा शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जाँच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श दिया गया । कुल 83 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें बुजुर्ग, महिलाएँ एवं बच्चे शामिल थे । साथ ही, जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क वितरित की गईं । इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना, आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करना एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं तक लोगों की पहुँच सुनिश्चित करना था । स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और वाहिनी के प्रति आभार व्यक्त किया ।
39वीं वाहिनी स.सी.बल, पलिया द्वारा समाज सेवा और जनकल्याण के लिए इस प्रकार के आयोजन आगे भी किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके ।
