(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर 10 मार्च। महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए लखीमपुर खीरी में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की अभिनव पहल के तहत “आकांक्षा स्टोर” की स्थापना की गई, जो स्वयं सहायता समूहों (SHG) के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इस स्टोर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति अध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह, आयुक्त लखनऊ मंडल डॉ. रोशन जैकब और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की छह उत्कृष्ट महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कार्यों से अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्थापित की है।
*महिला सशक्तीकरण की ओर मजबूत कदम : रश्मि सिंह*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप्र की आकांक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ रश्मि सिंह ने कहा कि लखीमपुर खीरी की महिलाएं अब अपने उत्पादों को बेहतर मंच पर प्रदर्शित कर सकेंगी और रोजगार के नए अवसर प्राप्त करेंगी। आकांक्षा समिति का यह प्रयास महिला उद्यमिता को नया आयाम देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। आकांक्षा स्टोर महिलाओं के लिए नए दरवाजे खोलेगा और उनके सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
मुझे यहां आकर गर्व की अनुभूति अनुभव हो रही है। उन्होंने आकांक्षा समिति लखीमपुर खीरी के महिला कल्याण, महिला सशक्तिकरण, विकास में महिलाओं की भूमिका के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। यहां की समूह की महिलाएं विकास की गति के साथ आगे बढ़े। मुझे खुशी है कि एक छत के नीचे एक साथ कई समूह को समायोजित होते हुए देखना, जहां उनके सारे सपने पूरे हो रहे हैं। उन्होंने लखनऊ में आयोजित आकांक्षा हॉट कार्यक्रम में समूह से जुड़ी महिलाओं की संस्मरण सुनाया। उन्होंने कहा कि आकांक्षा स्टोर में उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता को प्रभावित होकर कई उत्पादों की खरीद की। इस आकांक्षा स्टोर में असीम संभावनाएं है। इसकी आवाज और आग़ाज़ बहुत दूर-दूर तक जाएगी।
कार्यक्रम में आयुक्त लखनऊ मंडल डॉ. रोशन जैकब ने कहा कि “महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए आकांक्षा स्टोर एक क्रांतिकारी कदम है। यह न केवल महिला उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर देगा, बल्कि स्थानीय बाजार को भी मजबूती प्रदान करेगा।” उम्मीद जताई की कि डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के नेतृत्व में आकांक्षा समिति का यह प्रयास निरंतर आगे बढ़ता रहेगा और महिलाओं को स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में नए अवसर प्रदान करता रहेगा।
*आकांक्षा समिति: महिलाओं को आर्थिक संबल देने की दिशा में मजबूत कदम*
आकांक्षा समिति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्व-रोजगार और उद्यमिता के लिए अवसर प्रदान करना है। यह समिति न केवल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराती है, बल्कि महिला समूहों को कौशल विकास, विपणन रणनीति और आर्थिक स्थिरता की दिशा में भी मार्गदर्शन देती है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि “आकांक्षा समिति महिलाओं के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए समर्पित है। इसका प्रयास है कि स्वयं सहायता समूहों को बाजार तक पहुंच और सही मूल्य मिले, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।”
*आकांक्षा स्टोर: महिला उद्यमिता को नया मंच*
स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों को सही बाजार उपलब्ध कराने के लिए आकांक्षा स्टोर एक महत्वपूर्ण पहल है। अब तक जिले में कोई ऐसा प्लेटफार्म नहीं था, जिससे महिलाओं को अपने उत्पादों के सही दाम मिल सकें। यह स्टोर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में भी मदद करेगा।
*सीएलएफ को स्टोर संचालन की जिम्मेदारी*
दोनों अतिथियों ने आकांक्षा समिति की भूमिका, आकांक्षा स्टोर की वर्किंग, सीएलएफ की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान डीएम ने बताया कि आकांक्षा स्टोर के संचालन की जिम्मेदारी “विकास प्रेरणा संकुल स्तरीय समिति” (सीएलएफ) को सौंपी गई है। स्टोर दो शिफ्टों में संचालित होगा। प्रथम शिफ्ट: सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक। द्वितीय शिफ्ट: दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक। प्रत्येक शिफ्ट के लिए सीएलएफ की ओर से एक सेल्स पर्सन और एक कैशियर कम स्टोर मैनेजर की नियुक्ति की गई है, ताकि संचालन सुचारू रूप से हो। *स्थानीय उत्पादों को मिलेगा उचित मूल्य* आकांक्षा स्टोर के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को न केवल बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी, बल्कि उनके उत्पादों का उचित मूल्य भी मिलेगा। इससे महिलाओं की आर्थिक स्थिरता बढ़ेगी और उनके परिवारों की आय में सुधार होगा। आकांक्षा समिति इस स्टोर की निगरानी करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि समूहों को उनके उत्पादों का सही मूल्य मिले और किसी भी प्रकार का आर्थिक शोषण न हो।
*स्वावलंबन की नई मिसाल: छह उत्कृष्ट दीदियों का सम्मान*
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह की छह बेहतरीन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने कौशल, मेहनत और लगन से न केवल अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया। सम्मानित होने वाली स्वयं सहायता समूह की नकहा से सावित्री देवी, बांकेगंज से शफीका, फूलबेहड़ से गीता देवी, पलिया से कौशल्या देवी, मोहम्मदी से तबस्सुम, और लखीमपुर से रिशू वर्मा ने हस्तशिल्प, बुनाई, बनाना फाइबर उत्पाद, गोबर से बने उत्पाद, मसाले निर्माण, और सिलाई कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इनका सम्मान महिला सशक्तीकरण की दिशा में प्रेरणादायक कदम है और यह दर्शाता है कि सही अवसर मिलने पर महिलाएं किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं।
*आकर्षण का केंद्र बना आकांक्षा समिति का लोगो स्पॉट, खींची सेल्फी*
आकांक्षा स्टोर परिसर में आकांक्षा समिति के प्रतीक चिन्ह लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। उत्तर प्रदेश आकांक्षा समिति अध्यक्ष डॉ. रश्मि सिंह, आयुक्त लखनऊ मंडल डॉ. रोशन जैकब ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी संकल्प शर्मा, सीडीओ अभिषेक कुमार संग सेल्फी खिंचवाई। इस दौरान अतिथि गणों ने परिसर में फलदार छायादार एवं औषधि पौध का रोपण किया।
*इनकी रही मौजूदगी :*
कार्यक्रम का सफल संचालन एसडीएम श्रद्धा सिंह ने किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह, डीसी एनआरएलएम जितेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह, रेनू मिश्रा, अमिता यादव, बीडीओ ज्ञानेंद्र सिंह, आकांक्षा समिति की संयुक्त सचिव नमिता श्रीवास्तव के साथ सम्मानित सदस्य मौजूद रही।