(न्यूज़ -नसीब सिंह)
पलियाकलां- (खीरी)गन्ना छिलाई करने गए मजदूर पर गन्ने में छुपे बाघ ने हमला बोल दिया। गन्ना छिलाई कर रहे अन्य मजदूरों ने हल्ला किया तो बाघ गन्ने के खेत में भाग गया। मामला संपूर्णानगर वन रेंज के अंतर्गत कबीरगंज का हैं। हजारा क्षेत्र में एक किसान के खेत में सुबह मजदूर गन्ना छिलाई करने गए थे। मजदूरों के साथ सूरज कुमार भी गया हुआ था। छिलाई के दौरान दोपहर में खेत से निकले बाघ ने अचानक उसके ऊपर हमला बोल दिया। बाघ के हमला बोलते ही उसने शोर मचा दिया। आसपास के अन्य मजदूरों ने हल्ला करते हुए युवक को बचाने के लिए बाघ की तरफ दौड़े। इस पर बाघ युवक को छोड़कर गन्ने के खेत में भाग गया। हालांकि युवक घायल हो गया। उसे घायल अवस्था में पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में संपूर्णानगर वन क्षेत्र अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हजारा में एक मजदूर पर गन्ना छिलाई के दौरान बाघ ने हमला किया हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ कि वह बाघ है या बाघिन। फिलहाल घायल युवक का इलाज पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया जा रहा हैं। बाकी निगरानी के लिए टीम को लगाया गया हैं। लोगों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया हैं। खेत में काम करने के दौरान झुंड में जाने के लिए मजदूरों को कहा गया हैं। बताते चले कि अभी हाल में ही पलिया में भी एक बाघिन ने गांव में पहुंचकर दो तीन लोगों पर हमला किया था। एक महिला को अपना शिकार बनाया था। जिस पर ग्रामीणों ने उसे पीट पीट कर मौत के घाट उतार दिया। लगातार क्षेत्र में जंगल से बाहर खेतों में आए बाघ खेत में काम कर रहे मजदूरों को अपना शिकार बना रहे हैं।