(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलियाकलां- (खीरी)लखीमपुर खीरी 07 जनवरी। तराई में लगातार बढ़ रही ठंड से जिले के समाचार वितरकों, दिव्यांगजन, निराश्रित महिलाओं, वृद्धजन, जीरो पॉवर्टी परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए मा.मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट में कंबल वितरण समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने एडीएम संजय कुमार सिंह संग मौजूद करीब 450 लोगों को कंबल वितरित किया। प्रशासन से कंबल पाकर सभी के चेहरे खिल उठे। इस दौरान सभी को लंच पैकेट का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि आम आदमी तक समाचार पत्रों को पहुंचाने वाले समाचार पत्र वितरक प्रशंसा के पात्र हैं। उनका काम किसी चुनौती से कम नहीं है। वितरक सच्चे अर्थ में कर्मयोगी के साथ ही समाज के भी सजग प्रहरी हैं। अखबार वितरण चुनौतीपूर्ण कार्य है। वितरक बदलते मौसम ठंडी, गर्मी व बरसात में भी हमें देश-दुनिया की खबरों से अपडेट कराने के लिए कठिन परिश्रम करते रहते हैं। वितरक सुबह होते ही बिना किसी छुट्टी के रोज अखबार पहुंचाने का जज्बा लोगों के लिए मिसाल है।
डीएम ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री की मंशा है कि हर गरीब के चेहरे पर मुस्कान आए। आम जनता खुशहाल रहे। प्रशासन का उद्देश्य है कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को सर्दी से बचाने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जाए। इसी क्रम में मा.मुख्यमंत्री जी की प्रेरणा से निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगजन, वृद्धजन, जीरो पॉवर्टी परिवारो के साथ-साथ समाचार पत्र वितरकों को कंबल प्रदान किया जा रहा है। डीएम ने अपने हाथों से सभी पांच कैटिगरी के चिन्हित महिला, पुरुषों को अपने हाथ से कंबल ओढ़ाया तथा ठंड से बचने की सलाह दी।
एडीएम संजय कुमार सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया और इंटरनेट के जमाने में भी अखबार लोगों तक विश्वसनीय खबरें पहुंचाने का साधन बने हैं। उन्होंने समाचार पत्र पहुंचाने की जिम्मेदारी निभा रहे समाचार पत्र वितरकों के कार्य को सराहा। समाचार पत्र वितरक अखबार रूपी इमारत के नींव के पत्थर हैं। हर परिस्थिति में लोगों के जागने से पहले रोज सुबह समाचार पत्र घरों तक पहुंचाना सर्दी-गर्मी और बारिश या अन्य कैसी भी कठिनाई हो वितरक रोज अपना काम पूरी लगन और मेहनत से करते हैं। रोज सुबह तीन-साढ़े तीन बजे उठ कर लोगों तक समाचार पत्र पहुंचाना काबिले तारीफ है।
कार्यक्रम में तहसीलदार सदर सुशील प्रताप सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम जनम, जिला दिव्यांग जनशक्तिकरण अधिकारी अभय कुमार सागर, जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव, प्रशासनिक अधिकारी/ नाजिर सदर मो. सलीम सहित सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।