(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी) बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड चीनी मिल पलिया, गोला एवं खंभारखेडा में बजाज समूह के संस्थापक एवं परिवार के आदर्श पुरुष जमनालाल बजाज की 137वीं जयंती बड़े धूमधाम से मनाई गई।इस अवसर पर बजाज परिवार ने एक विशेष श्रद्धांजलि फिल्म जारी की है। शिशिर बजाज के नेतृत्व में परिवार की तीसरी, चौथी और पांचवीं पीढ़ी द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म जमनालाल बजाज के असाधारण जीवन, उनके आदर्शों तथा भारत के स्वतंत्रता संग्राम, औद्योगिक विकास और सामाजिक परिवर्तन में उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करती है। यह फिल्म बजाज समूह के आधिकारिक YouTube चैनल पर उपलब्ध है।
फिल्म में परिवार की विभिन्न पीढ़ियों के प्रतिनिधि शिशिर बजाज, कुशाग्र नयन बजाज, अपूर्व बजाज और आनंदमयी बजाज अपने पूर्वज के जीवन और विचारों को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। फिल्म में जमनालाल बजाज की स्वतंत्रता सेनानी, अग्रणी उद्योगपति, समाज सुधारक और परोपकारी व्यक्तित्व के रूप में उनकी प्रेरणादायी यात्रा को दर्शाया गया है।
महात्मा गांधी के अत्यंत करीबी सहयोगी रहे श्री जमनालाल बजाज को गांधी जी स्नेहपूर्वक अपना ‘पांचवां पुत्र’ मानते थे। स्वदेशी, खादी, सामाजिक समानता और आर्थिक आत्मनिर्भरता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उनके जीवन का आधार रही। फिल्म में गांधीजी और अन्य प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं के साथ उनके संबंधों तथा वर्धा स्थित ऐतिहासिक बजाज वाड़ी की भूमिका को भी दर्शाया गया है, जो स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय नेतृत्व के विचार-विमर्श और मुलाकातों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनी।
जमनालाल बजाज का दृढ़ विश्वास था कि राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता भी आवश्यक है। इसी सोच के अनुरूप उन्होंने 1931 में उत्तर प्रदेश के गोलागोकर्णनाथ में हिंदुस्तान शुगर मिल्स की स्थापना की, जिसका उद्देश्य देश में चीनी के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना और विदेशी आयात पर निर्भरता कम करना था। यही उद्यम आगे चलकर बजाज हिंदुस्थान शुगर लिमिटेड के रूप में विकसित हुआ। परिवार की उद्यमशील यात्रा का विस्तार 1930 में हैदराबाद में स्थापित डेक्कन आयुर्वेदिक फार्मेसी के माध्यम से उपभोक्ता उत्पादों के क्षेत्र में भी हुआ, जो आगे चलकर बजाज कंज्यूमर केयर बना।
इसी राष्ट्रनिर्माण की विरासत को आगे बढ़ाते हुए समूह ने 2011 में बजाज एनर्जी के माध्यम से विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में भी कदम रखा। आज कुशाग्र नयन बजाज के नेतृत्व में समूह परमाणु ऊर्जा सहित भविष्य के ऊर्जा क्षेत्रो में संभावनाएं तलाश रहा है।
जमनालाल बजाज के दूरदर्शी विचारों और मूल्यों पर स्थापित बजाज समूह आज चीनी, एथेनॉल, उपभोक्ता उत्पादों और विद्युत उत्पादन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रखी है।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed