(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी,31 अक्टूबर। आमजन को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए एक नवंबर को वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर रविवार को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई राजापुर में शिविर लगेगा। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे और पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखीमपुर खीरी के निर्देशन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन को कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़ना है। विभिन्न विभागों की ओर से संचालित योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
*शिविर में पहुंचने की अपील*
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग इस अवसर का लाभ उठाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित हों। शिविर आमजन को विधिक सहायता और जनकल्याणकारी सेवाओं तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
