पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 23 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 का मतदान जिले में सकुशल संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी पूरे समय सतर्क रहे। शुक्रवार को डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने भ्रमणशील रहकर विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था सहित निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने जिला पंचायत इंटर कॉलेज, खीरी टाउन, जिला पंचायत परिसर, किसान इंटर कॉलेज फरधान, नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ, कृषि महाविद्यालय जमुनाबाद तथा नगर पंचायत ओयल, विकास क्षेत्र बेहजम और मितौली में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया की जानकारी ली और मौके पर मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट, पोलिंग पार्टियों तथा अन्य कार्मिकों से व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
डीएम-एसपी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। जिला प्रशासन की सतर्क निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया सकुशल संपन्न हुई।