पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 12 अक्टूबर। बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान के बाद किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए सरकार ने कृषि निवेश अनुदान के जरिए राहत पहुंचानी शुरू कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के लिए 493 करोड़ रुपये की सहायता राशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया। इसी क्रम में लखीमपुर खीरी के 9,250 किसानों के बैंक खातों में 6 करोड़ 42 लाख 74 हजार रुपये से अधिक की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए सीधे खातों में पहुंचाई गई। शेष 15,021 किसानों को 10 करोड़ 79 लाख 19 हजार 341 रुपये का अनुदान अगले दो दिनों में वितरित किया जाएगा। कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में डीएम अंजनी कुमार सिंह, विधायक योगेश वर्मा और जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी के साथ किसानों को सहायता राशि के डेमो चेक प्रदान किए। इस दौरान गोरखपुर से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा और सुना गया।
आपदा में किसानों को सहारा, सीधे खातों में पहुंच रही रकम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ की पावन भूमि से बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात से फसल क्षति झेलने वाले प्रदेश के नौ लाख से अधिक किसानों के लिए 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि अंतरित की। डीबीटी के जरिए सहायता सीधे बैंक खातों में पहुंचाने की व्यवस्था से भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान पहुंचने पर किसान के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। ऐसे समय में प्रदेश सरकार किसानों को राहत देने के लिए सहायता राशि उपलब्ध करा रही है। अनुदान से किसानों को खेती-किसानी दोबारा पटरी पर लाने और अगली फसल की तैयारी करने में मदद मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि पात्र किसानों तक सहायता पहुंचे और कोई भी प्रभावित किसान अनुदान से वंचित न रहे।
खीरी के अन्नदाताओं को 17.21 करोड़ की राहत, पहले चरण में 9,250 किसानों को भुगतान।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जनपद की पांच बाढ़ प्रभावित तहसीलों में 24,271 किसानों की 8,148.200 हेक्टेयर फसल को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों के लिए कुल 17 करोड़ 21 लाख 93 हजार 434 रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। प्रथम किस्त के रूप में 9,250 किसानों के खातों में 6 करोड़ 42 लाख 74 हजार 93 रुपये अंतरित किए जा रहे हैं। शेष 15,021 किसानों को 10 करोड़ 79 लाख 19 हजार 341 रुपये का अनुदान अगले दो दिनों में वितरित किया जाएगा।
150 गांव प्रभावित, राहत कार्यों पर भी जोर।एडीएम बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष बाढ़ से जनपद के 150 गांव प्रभावित हुए। इनमें 41 गांवों की 64,720 आबादी सीधे प्रभावित हुई, जबकि 109 गांवों में कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा। प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए 14,008 परिवारों को राहत किट वितरित की गईं। वहीं, सड़कों के किनारे और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने वाले 21,110 विस्थापितों को 2,22,405 लंच पैकेट उपलब्ध कराए गए।
किसानों ने जताया आभार
किसानों ने कहा कि बाढ़ से फसलें पूरी तरह चौपट हो गई थीं। ऐसे समय में मिली यह मदद उनके लिए बड़ी राहत है। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रशासन को धन्यवाद दिया और कहा कि समय पर मिली यह सहायता परिवार की मुश्किलें काफी हद तक कम करेगी। इस दौरान एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, अर्चना ओझा, तहसीलदार सदर/गोला सहित बड़ी संख्या में राजस्व अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।