


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी 28 सितंबर। अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए शासन-प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। तहसील सदर, ब्लॉक नकहा के रवही स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र में जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल, विधायक योगेश वर्मा, जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसएसपी डॉ ख्याति गर्ग, सीडीओ योगानंद पाण्डेय, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में ग्राम रोलिया, केवलपुरवा आदि ग्रामों के 400 बाढ़ प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न किट, लंच पैकेट का वितरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश में कई वर्षों बाद इतनी भीषण बारिश हुई है। संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट तैयार होते ही पात्र किसानों के खातों में मुआवजे की धनराशि भेजी जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांवों में ब्लीचिंग पाउडर और एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव कराने तथा पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पतालों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कोटेदारों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को निर्बाध राशन उपलब्ध कराने के साथ ही कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे लोगों को पंचायत भवन, स्कूल या अन्य सुरक्षित पक्के भवनों में शिफ्ट कराने को कहा। प्रभारी मंत्री ने क्षेत्रीय विधायक योगेश वर्मा की सक्रियता की भी सराहना की।
विधायक योगेश वर्मा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संचालित राहत कार्यों के लिए तहसील प्रशासन की तत्परता की सराहना की। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को लंच पैकेट के साथ करीब 15 दिवस का राशन किट उपलब्ध कराया गया है। वर्ष 2017 के बाद बाढ़ नियंत्रण के लिए रेहरिया, नौवापुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में परियोजनाओं पर कार्य कराया गया है। प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का निष्पक्ष आकलन कराकर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाना प्राथमिकता है। सरकार की राहत योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।कार्यक्रम में एसडीएम सदर/ ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चेलवा राजू आर, तहसीलदार मुकेश कुमार, ब्लॉक प्रमुख पवन गुप्ता सहित राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।
*…ये सामग्री होगी राहत किट में शामिल*
राहत किट में लाई (2.5 किलो), चना (भुना व कच्चा– 2-2 किलो), चीनी (1 किलो), बिस्कुट (10 पैकेट), माचिस व मोमबत्ती (प्रत्येक 1 पैकेट), नहाने का साबुन (2 अदद), 18 लीटर की ब्रांडेड बाल्टी (ढक्कनदार), त्रिपाल (12×10 फीट, न्यूनतम मोटाई 110 GSM), आटा-चावल (प्रत्येक 10 किलो), अरहर दाल (2 किलो), आलू (10 किलो), हल्दी (200 ग्राम), मिर्च पिसी (100 ग्राम), सब्जी मसाला (200 ग्राम), तेल (1 लीटर), नमक (1 किलो), सैनिटरी पैड (20 अदद), कपड़े धोने का साबुन (2 अदद), तौलिया (1), सूती कपड़ा (1 मीटर), डिस्पोजेबल बैग (20 अदद), मग (1 अदद), डेटाल/सेवलॉन (100 मि.ली.) जैसी जरूरी वस्तुएं होंगी।
