


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां,(खीरी) लखीमपुर खीरी, 12 सितंबर : पीएम नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के अविरल जनसेवा काल के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार का सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान में सेवा, स्वच्छता, जनकल्याण और जनभागीदारी के जरिए सरकार की विकास यात्रा को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) आबकारी एवं मद्य निषेध तथा जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को कार्यक्रमों की तैयारी में किसी तरह की औपचारिकता न बरतने और सभी गतिविधियों को मिशन मोड में संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग और सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। प्रभारी मंत्री ने विभागवार तैयारियों की जानकारी लेते हुए कहा कि अभियान केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सरकार की 25 वर्षों की विकास यात्रा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचे और पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिले, यही अभियान का मूल उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रमों को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए।
*सेवा दिवस पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’*
17 सितंबर को सेवा दिवस के साथ अभियान की शुरुआत होगी। जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में फल वितरण व रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। विश्वकर्मा जयंती पर टूलकिट वितरण भी होगा। शाम सात बजे गुरु गोविंद सिंह चौक, मेडिकल कालेज के साथ ग्राम पंचायतों, शहरी वार्डों, प्रमुख मंदिरों, नदी घाटों और वर्ष 2014 के बाद विकसित प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर स्थलों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा।
*स्कूलों से चौपाल तक दिखेगी विकास की कहानी*
17 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में विकसित भारत-विकसित यूपी विषय पर चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत सांस्कृतिक दल गांवों और चौपालों में नाटक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से 25 वर्षों की विकास यात्रा बताएंगे। 25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं का सम्मान होगा। हेल्दी बेबी प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।
*शिविर में आवेदन, मौके पर योजना का लाभ*
‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी विकासखंडों और निकाय स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर व स्वास्थ्य मेले लगाए जाएंगे। पात्र लोगों के मौके पर आवेदन कराकर योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था होगी। वहीं ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में विशाल मानव रंगोली बनाई जाएगी। प्राकृतिक रंगों और फूलों के माध्यम से जनभागीदारी का संदेश दिया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नदियों, घाटों, सरोवरों, पार्कों और गौशालाओं में स्वच्छता अभियान व सघन पौधारोपण चलेगा। नागरिक कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्राप्त कर सकेंगे।
*जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर भव्य बनाएं कार्यक्रम*
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों और संगठन के प्रतिनिधियों से निरंतर समन्वय रखा जाए। प्रत्येक कार्यक्रम की जिम्मेदारी तय कर समयबद्ध तैयारी और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकारी कार्यक्रम की औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ आमजन को जोड़ना है। बैठक में सदर विधायक योगेश वर्मा, श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, डीएफओ दक्षिण खीरी तापस मिहिर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
*फोन नहीं उठाया तो अभियंताओं पर होगी कार्रवाई*
*बिजली व्यवस्था सुधारने को एक सप्ताह की मोहलत, लोकल फाल्ट और ओवरलोडिंग दूर करने के निर्देश*
प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर अभियंताओं को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जनता और जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाने वाले अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई होगी। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोकल फाल्ट तत्काल दूर करने, ओवरलोड फीडरों का लोड डिवाइड करने और रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। व्यवस्था में सुधार के लिए अधिकारियों को एक सप्ताह की मोहलत दी ।
*बाढ़ के बाद गांवों में बढ़ाएं सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव*
*संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिविर बढ़ाने के निर्देश*
बारिश और बाढ़ के बाद संक्रामक रोगों की आशंका को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने गांवों में सफाई और एंटी लार्वा छिड़काव तेज करने के निर्देश दिए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों की संख्या बढ़ाने तथा दवा छिड़काव की फोटो पोर्टल पर अपलोड कर निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाढ़ के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
