(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां(खीरी)लखीमपुर खीरी में पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। जिले के 16 केंद्रों पर लगभग 13 हजार अभ्यर्थी यह परीक्षा दे रहे हैं। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चली, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में लगभग 6,500 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। अभ्यर्थी सुबह आठ बजे से ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने लगे थे, जहां लंबी कतारें देखी गईं।
निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए प्रशासन पूर्णत प्रतिबद्ध है , अभ्यार्थियों के पहचान पत्रों की जांच के साथ-साथ तलाशी भी ली जा रही है।
जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में हो रही है और सभी केंद्रों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था है। अधिकारियों की टीमें लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रही हैं ताकि कोई अव्यवस्था या अनियमितता न हो। उन्होंने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की सतर्कता पर जोर दिया जा रहा है।
जिले में जिन 16 केंद्रों पर हो रही है परीक्षा, उनमें अबुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज, आदर्श जनता इंटर कॉलेज देवकली, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, भगवानदीन आर्य कन्या इंटर कॉलेज, धर्मसभा इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज फरधान, कृषक समाज इंटर कॉलेज फतेपुर, पब्लिक इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, युवराजदत्त इंटर कॉलेज ओयल तथा जिला पंचायत इंटर कॉलेज कालाआम शामिल हैं।
