(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 29 मई। जनपद में आसमान से बरस रही आग और भीषण लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने नौनिहालों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। डीएम अंजनी कुमार सिंह ने जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए आगामी 20 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। हालांकि, इस अवधि में आंगनबाड़ी केंद्र बंद नहीं होंगे और विभागीय कार्य पूर्व की भांति संचालित रहेंगे।

*नौनिहालों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर*
डीएम द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, वर्तमान में भीषण गर्मी और लू के चलते प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल पहले से ही बंद चल रहे हैं। चूंकि अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन भी प्राथमिक विद्यालयों के परिसर में ही किया जा रहा है और वहां आने वाले बच्चों की उम्र काफी कम (3 से 6 वर्ष) होती है, इसलिए उनके बीमार होने का खतरा अधिक था। इन केंद्रों पर भीषण गर्मी से बचाव का कोई ठोस साधन उपलब्ध न होने के कारण प्रशासन ने बच्चों को राहत देने का निर्णय लिया है।

*खुले रहेंगे केंद्र, कार्यकत्रियां निपटाएंगी ये पांच जरूरी काम*
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बच्चों के लिए अवकाश होने के बावजूद आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं केंद्र पर उपस्थित रहेंगी। इस दौरान उन्हें अनुपूरक पुष्टाहार की प्राप्ति एवं टेक होम राशन का वितरण, बच्चों का ग्रोथ मेजरमेंट एवं पोषण ट्रैकर पर फीडिंग, वीएचएसएनडी सत्र का आयोजन,आरबीएसके टीम के भ्रमण के समय बच्चों को बुलाकर स्वास्थ्य परीक्षण, समुदाय आधारित गतिविधियों का आयोजन जैसे मुख्य शासकीय दायित्वों का निर्वहन अनिवार्य रूप से करना होगा।

डीएम ने जिले के समस्त सीडीपीओ और प्रभारियों को इस आदेश का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *