(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) गोला गोकर्णनाथ के मोहल्ला तीर्थ स्थित नीलकंठ मैदान में गुरुवार को नगर पालिका परिषद द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में लगभग 1080 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, विशिष्ट अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शरद बाजपेयी, पूर्व चेयरमैन एलडीवी बैंक सुरजन लाल वर्मा और कार्यक्रम आयोजक नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि बच्चे नगर, समाज और देश का भविष्य हैं। शिक्षा वह शक्ति है जो साधारण परिवार के बच्चों को भी ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सामर्थ्य देती है। उन्होंने बताया कि मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान केवल उनका उत्साहवर्धन नहीं, बल्कि पूरे समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास है।

उन्होंने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता है कि नगर का प्रत्येक बच्चा बेहतर शिक्षा, बेहतर वातावरण और आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त करे। मुख्य अतिथि अरविंद गुप्ता ने इस आयोजन को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि विजय शुक्ला रिंकू ने शिक्षा और प्रतिभाओं के सम्मान की एक सराहनीय परंपरा शुरू की है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि इससे बच्चों में मेहनत, अनुशासन और आगे बढ़ने की भावना मजबूत होगी। उन्होंने नगर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने को समाज और शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल करार दिया। विशिष्ट अतिथि शरद बाजपेयी ने भी इस आयोजन को अत्यंत सराहनीय बताया।

शरद बाजपेयी ने कहा कि शिक्षा और प्रतिभा का सम्मान किसी भी समाज को नई दिशा देने का कार्य करता है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। शिक्षाविद श्याम किशोर अवस्थी ने कार्यक्रम को नगर का अनूठा आयोजन बताते हुए कहा कि इससे अच्छे नागरिकों का निर्माण होगा।कार्यक्रम में प्राचार्य महेंद्र त्रिपाठी, पूर्व प्राचार्य विश्वनाथ सिंह, विनोद वर्मा, विनोद स्वर्णकार, संजय अवस्थी और शैलेंद्र सक्सेना सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *