(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी)लखीमपुर खीरी, 18 मई। ईसानगर क्षेत्र अंतर्गत एनएच-730 पर सोमवार को भरेहटा मजरा अदलीसपुर के पास मैजिक एवं ट्रक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 10 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना पर प्रशासन व पुलिस महकमा तत्काल सक्रिय हो गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने घटनास्थल व पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पूरी स्थिति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
घटना की सूचना मिलते ही डीएम अंजनी कुमार सिंह और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल पर मौजूद अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली तथा राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद डीएम और एसपी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने मृतकों की पहचान और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। डीएम-एसपी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान एएसपी पूर्वी पवन गौतम, एसडीएम शशि कांत मणि,सीओ एसबी सिंह मौजूद रहे।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक घटना है। इस सड़क हादसे में कई लोगों के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। लखीमपुर से नानपारा बहराइच जा रही मय ड्राइवर 10 लोग सवार मैजिक और बहराइच से लखीमपुर आ रही ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हुई है। मैजिक में सवार 09 लोगों की घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। वही एक व्यक्ति की मृत्यु अस्पताल ले जाते समय हो गई। मृतकों में सात पुरुष और दो महिला शामिल है।
डीएम ने बताया कि घटनास्थल को देखने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि ओवरटेक करने में या किसी अन्य कारण से मैजिक अपना लेन छोड़कर दूसरे लेन में गया, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। पुलिस और प्रशासन तत्पर है। मृतकों को सरकार की ओर से हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे का लिया संज्ञान, जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह लखीमपुर खीरी की तहसील धौरहरा, थाना ईसानगर क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *