(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी ) भीरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भीरा-बिजुआ स्टेट हाईवे पर मनमीत नगर कॉलेज के पास सुबह करीब 10 बजे हुआ।
.मनहरिया गांव निवासी नितिन सिंह उर्फ आशू (18) पुत्र जितेंद्र सिंह अपने दो साथी दीपक (19) पुत्र रूपेंद्र सिंह व नीरज (20) पुत्र परसराम के साथ बाइक से भीरा जा रहा था। तभी भीरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। तीनों किशोर सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने बिना एंबुलेंस का इंतजार किए निजी वाहन से घायलों को एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में नितिन की मौत हो गई। घायल दीपक व नीरज का लखीमपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
सूचना पर पहुंची भीरा पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस कार चालक की तलाश व मामले की जांच कर रही है
