पलिया कलां(खीरी) फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के दाऊदपुर पेट्रोल पंप के पास भीरा-लखीमपुर राज्यमार्ग पर सोमवार सुबह करीब 7 बजे एक सड़क हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पलिया से लखनऊ जा रही खैरा ट्रांसपोर्ट की एक निजी बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर हुई।मृतक की पहचान ग्राम-जहानपुर निवासी विशाल गुप्ता (पुत्र दीपक, उम्र करीब 15 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि विशाल सुबह घर के लिए दाऊदपुर स्थित एक दूध डेयरी से दूध लेने गया था। वापस लौटते समय तेज रफ्तार बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर फूलबेहड़ थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे राज्यमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।थानाध्यक्ष फूलबेहड़ के हस्तक्षेप से छोटे वाहनों के लिए जाम खुलवा दिया गया, हालांकि बड़े वाहन अभी भी फंसे हुए हैं। पुलिस ने शव और बस को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरी तरह से जाम खुलवाने का प्रयास कर रही है।