(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) विकास खंड बिजुआ के मैलानी थाना क्षेत्र स्थित कांप टांडा गांव में रविवार, 19 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। इस घटना में गांव के 40 घर जलकर राख हो गए, जिससे गृहस्थी का सारा सामान, अनाज और पशुओं का चारा भी नष्ट हो गया। हालांकि, इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन एक बछिया आंशिक रूप से झुलस गयी।आग लगने की सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक हिमांशु पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी रवाना की गई। थाना मैलानी से करीब 35 किलोमीटर दूर स्थित गांव में दमकल पहुंचने से पहले ही ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए थे। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मैलानी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।आग की चपेट में कुल 40 परिवार आए, जिनमें सुमेरसिंह, देवेन्द्र कुमार, नन्दकिशोर, रामआसरे, विकास, जयप्रकाश, दुर्गासिंह, कुलदीप, मलखान, अजय कुमार, लाडले, रोमा देवी, पंकज, धर्मेन्द्र, श्रवन, शिवकुमार, ठाकुर, सुरेन्द्र, छोटे, धर्मपाल, अगमवीर, वेदप्रकाश, शिवकुमार, सुभाष, मन्शाराम, मंगलराम, अखिलेश, रुद्रपाल, ऋषिपाल, वीरपाल, जगपाल, खुशीराम, राजाराम, सोनपाल, मोरती, साधू सिंह, अजय, विक्की, रामकिशोर और रवि पुत्र विजयपाल के घर शामिल हैं। इन सभी परिवारों का अनाज, कपड़े, चारपाई, बर्तन और पशुओं का चारा जल गया, जिससे वे खुले आसमान के नीचे आ गये।सूचना के बाद एसडीएम पलिया डॉ अवनीश कुमार भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का मुआयना किया। उन्होंने पीड़ितों से बात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक मैलानी बृजेश मौर्य ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और जांच जारी है। प्रथम दृष्टया आशंका है कि तेज हवा के कारण चूल्हे या शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली होगी।प्रशासन ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है, ताकि पीड़ितों को राहत सामग्री जल्दी मिल सके।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *