(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां,(खीरी) के भीरा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को बस्तौली नहर के पास दो बाइकों की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, मोहन लाल मौर्या (45) अपनी पत्नी ईश्वरवती मौर्या (42) के साथ जलालपुर से नौशर गुलरिया में एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। दूसरी ओर, हरीश कुमार (38) बस्तौला से बस्तौली गांव सामान लेने जा रहे थे।जैसे ही दोनों बाइकें बस्तौली नहर के पास पहुंचीं, उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाई और तीनों घायलों को बिजुआ सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मोहन लाल मौर्या और हरीश कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ईश्वरवती मौर्या को हल्की चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।बिजुआ चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो घायलों को एम्बुलेंस से ट्रामा सेंटर भेजा गया है, जबकि एक को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
