पलिया कलां (खीरी) बलदेव वैदिक विद्यालय इंटर कॉलेज द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के अंतर्गत सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्राम बुद्धापूरवा में किया गया। इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा, अनुशासन, स्वच्छता एवं जागरूकता की भावना विकसित करना था।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान पति त्रिमोहन लाल के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डी० एल० भार्गव, वरिष्ठ शिक्षक अमित शुक्ला, जितेंद्र कुमार मौर्य, सबर अहमद एवं कार्यक्रम अधिकारी अंकुर सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को समाज सेवा, शिक्षा के महत्व, स्वच्छता अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि त्रिमोहन लाल ने विद्यार्थियों को ग्रामीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य डी० एल० भार्गव ने NSS के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम अधिकारी अंकुर के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने विभिन्न सामाजिक गतिविधियों जैसे स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैली, वृक्षारोपण एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लिया। शिविर के दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।