(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर खीरी, 19 मार्च। आस्था, परंपरा और उत्सव के संगम छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ के ऐतिहासिक चैती मेला-2026 को इस बार भव्यता का नया आयाम मिलने जा रहा है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की दमदार पहल और शासन स्तर पर मजबूत पैरवी रंग लाई है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने मेले के आयोजन के लिए 40 लाख रुपये की धनराशि मंजूर कर दी है।

यह राशि जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद लखीमपुर खीरी को जारी की गई है, जिससे मेले की व्यवस्थाएं अब और अधिक व्यवस्थित, आकर्षक और दर्शनीय होंगी। बताया जा रहा है कि इस फंड से मेले में सजावट, प्रकाश व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा। हर साल लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनने वाला यह मेला इस बार धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन के संगम के रूप में और भी चमकेगा।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की इस पहल को जिले में विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। प्रशासन की मंशा है कि चैती मेला-2026 को न केवल भव्य बनाया जाए, बल्कि इसे प्रदेश के प्रमुख आयोजनों में शामिल कर एक नई पहचान दी जाए।

*चैती मेले को दिव्य-भव्य बनाने की तैयारी तेज, डीएम ने की अहम बैठक, दिए निर्देश*
ऐतिहासिक चैती मेले को इस बार भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में अहम बैठक कर तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस बार मेला अपने आयोजन, व्यवस्था और आकर्षण तीनों में अलग पहचान बनाए।

पर्यटन विभाग से मिले 40 लाख रुपये के बजट को लेकर डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर खर्च नियमों के तहत हो, लेकिन गुणवत्ता और भव्यता में कोई कमी न रहे। उन्होंने कहा कि यह मेला सिर्फ आयोजन नहीं, जिले की पहचान है, इसलिए हर व्यवस्था में ‘परफेक्शन’ दिखना चाहिए।

डीएम ने आयोजन के लिए आवंटित 40 लाख रुपये की धनराशि के सदुपयोग को सुनिश्चित करने के लिए एक समिति का गठन कर दिया है। इस समिति की कमान एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह को सौंपी गई है, जिन्हें अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ कोषाधिकारी, एसडीएम गोला, पीडी-डीआरडीए, पर्यटन अधिकारी और ईओ गोला को भी समिति में शामिल किया गया है। बैठक में अध्यक्ष नगर पालिका विजय शुक्ला रिंकू, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह, पीडी एसएन चौरसिया, एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, ईओ प्रशिक्षु आईएएस मनीषा धारवे सहित इस आयोजन से जुड़े महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहे।

*”चैती मेला-2026: 40 लाख की मंजूरी पर अध्यक्ष ने डीएम को जताया आभार*
अध्यक्ष नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ विजय शुक्ला रिंकू ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल से मुलाकात कर पर्यटन विभाग द्वारा 40 लाख रुपये की मंजूरी पर आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस धनराशि से चैती मेला-2026 की सजावट, रोशनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम और भव्य बनाए जाएंगे।

Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed