(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर खीरी, 19 मार्च। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस व नव संवत्सर के अवसर पर सीडीओ अभिषेक कुमार की पहल पर शहर को विकास की बड़ी सौगात मिली। संकटा देवी से लालपुर तक मुख्य सड़क मार्ग के फोरलेन निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक सदर योगेश वर्मा और सीडीओ अभिषेक कुमार ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता तरुणेन्द्र त्रिपाठी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश सरकार के नेतृत्व में जनपद में तेजी से हो रहे विकास कार्यों का एक महत्वपूर्ण कदम है। यह न केवल यातायात को सुगम और सुरक्षित बनाएगी, बल्कि व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगी। बताया कि लंबे समय से जाम और संकरी सड़कों से परेशान लोग अब जल्द राहत महसूस करेंगे।
सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा, जिससे आमजन को जल्द बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा। फोरलेन निर्माण के साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर रोड ओवर ब्रिज की स्वीकृति भी मिली है। इससे रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम होगा।
बताते चलें कि जिले के लखीमपुर फीडर मार्ग का 3.65 किमी हिस्सा अब 4 लेन में चौड़ा किया जाएगा। यह मार्ग संकटा देवी चौराहा से शुरू होकर पीलीभीत–बस्ती राष्ट्रीय मार्ग (NH-730) तक जाता है और शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। चौड़ीकरण से मंदिर क्षेत्र और आसपास के मोहल्लों में जाम कम होगा, वहीं सैधरी बाईपास, रोडवेज बस स्टैंड और पं० दीनदयाल इंटर कॉलेज के पास यातायात और सुरक्षित होगा। सरकार ने इसके लिए 3,161.84 लाख रुपये मंजूर किए हैं। काम का शुभारंभ आज हुआ और इसे 15 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने इसे क्षेत्रीय विकास और जीवन की सुविधा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया और जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *