

(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां ( खीरी) लखीमपुर खीरी, 13 मार्च। जिलेभर में अलविदा जुमे की नमाज शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए थे और पूरी तरह अलर्ट पर था। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ ख्याति गर्ग, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, सीओ विवेक तिवारी एवं पुलिस बल संग शहर और खीरी टाउन में पेट्रोलिंग की।
प्रशासन की ओर से प्रमुख मस्जिदों सहित सभी स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन ने हर छोटे-बड़े स्थल पर ट्रैफिक नियंत्रण के इंतजाम भी कड़े किए।
अलविदा जुमे के दृष्टिगत जिले की सभी तहसीलों में एसडीएम व सीओ अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर गहन पेट्रोलिंग की। प्रमुख मस्जिदों और नमाज स्थलों पर सुरक्षा का कड़ा इंतजाम किया गया, साथ ही ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया। इस व्यापक व्यवस्था से यह सुनिश्चित हुआ कि नमाजियों के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण बना रहे और जिले में शांति और अनुशासन सर्वोपरि रहे।
