(ओमप्रकाश ‘सुमन’)

पलिया कलां(खीरी) लखीमपुर खीरी 13 मार्च। घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में है। शुक्रवार को डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने गैस एजेंसी संचालकों, ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों, पेट्रोल पंप मालिकों और रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ बैठक कर व्यवस्था को पारदर्शी रखने के लिए सख्त निर्देश जारी किए। बैठक का संचालन डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार घरेलू सिलेंडर उपलब्ध कराना प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। जिले में गैस, डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। यदि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि तय बुकिंग सिस्टम का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार ही सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां अपने प्रतिष्ठान और गोदाम पर स्पष्ट नोटिस चस्पा करें, जिसमें लिखा हो कि हमारे पास पर्याप्त गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस उपलब्ध कराई जाएगी। हेल्पलाइन नंबर हर समय सक्रिय रखें और आने वाली कॉल्स को अटेंड कर उपभोक्ताओं को जरूरी जानकारी व सहायता उपलब्ध कराएं। साथ ही एजेंसियों की नियमित जांच कर यह सुनिश्चित करें कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन हो रहा है।
डीएम ने कहा कि गैस एजेंसी के कर्मचारी उपभोक्ताओं से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कॉमर्सियल सिलेंडर के बजाय वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का ही उपयोग करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। व्यवस्था में गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।
एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने गैस एजेंसियों के संचालकों को स्पष्ट कहा कि सिलेंडर का वितरण फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व के आधार पर ही किया जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देश दिए कि सभी वितरण केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सही तरीके से संचालित हों और उनकी 15 से 30 दिनों तक की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। कैमरों का व्यूइंग एंगल ऐसा हो कि वितरण केंद्र के हर महत्वपूर्ण हिस्से और गतिविधि पर स्पष्ट नजर रखी जा सके। एजेंसी संचालक अपने कर्मचारियों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें। घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल किसी भी हाल में न हो, इस पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है। किसी भी तरह की भ्रामक या अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने सभी गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि वितरण प्रक्रिया पारदर्शी, समयबद्ध और नियमानुसार हो। उन्होंने एजेंसियों को प्रतिष्ठान व गोदामों पर नोटिस चस्पा करने और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखने के निर्देश दिए, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर जानकारी और सहायता मिल सके। डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने पेट्रोल पंप संचालकों को चेतावनी दी कि इंडेंट समय से जमा करें। पंप ड्राई न होने दें। उन्होंने कर्मचारियों, एजेंसी स्टाफ को उपभोक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए भी निर्देशित किया।

निगरानी कड़ी : गैस एजेंसियों पर लेखपालों की ड्यूटी, वितरण में पूर्ण पारदर्शिता, गड़बड़ी पर तुरंत सख्त कार्रवाई : डीएम

गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने अहम कदम उठाया है। उन्होंने विभिन्न गैस एजेंसियों पर लेखपालों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं। लेखपाल अपनी निगरानी में उपभोक्ताओं को पारदर्शी तरीके से सिलेंडर वितरण कराएंगे और पूरी व्यवस्था पर नजर रखेंगे। वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक निगरानी के बीच गैस एजेंसियों को नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।
Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed