


(ओमप्रकाश ‘सुमन’)
पलिया कलां (खीरी) लखीमपुर- खीरी 27 फरवरी। जनपद में आसन्न त्योहारों होलिका दहन, रंगों का पर्व होली, रमजान को सौहार्दपूर्ण और शान्तिपूर्ण ढ़ंग से सम्पन्न कराये जाने के उद्देश्य से डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ ख्याति गर्ग ने जिला शांति समिति की बैठक अटल सभागार में ली। बैठक का संचालन एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने किया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने आगामी त्योहारों की बधाई देते हुए सभी से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारियों को व्यवस्था चाक चौबंद रखने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने कहा कि खीरी अमन चैन के लिए मशहूर रहा है। इस परम्परा को कायम रखते हुए आगामी त्योहार भी सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।
डीएम ने बैठक में मौजूद धर्मगुरूओं, संभ्रान्तजनों व होली समिति के पदाधिकारियों से अपील की कि बैठक का सन्देश आमजन तक पहुंचाए। जिले में कोई भी प्रतिकूल तथ्य की जानकारी होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में अवश्य लायें। डीएम ने कहा कि जिला प्रशासन को उम्मीद ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि आसन्न त्यौहारों को भी हम सभी लोग पूर्व में बीते त्यौहारों की भांति सौहार्द पूर्ण वातावरण में मनायेंगे। डीएम ने बुज़ुर्गों से अपील की कि युवाओं एवं बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें संयमित व्यवहार के लिए प्रेरित भी करें।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने नागरिकों से अपील की कि त्यौहारों को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएँ। यदि कहीं से शांति व्यवस्था भंग होने या असामान्य गतिविधियों की सूचना मिले, तो उसे तत्काल जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराएँ। जिले में त्यौहारों के अवसर पर ‘गुड पुलिसिंग’ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस प्रशासन कानून और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह सजग व सतर्क है। साथ ही, सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा रही है। अराजकता फैलाने या कानून एवं शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति/संघटन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम व एसपी ने बताया कि नागरिकों द्वारा दिए गए महत्वपूर्ण सुझावों को गंभीरता से नोट किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले त्यौहारों के अवसर पर सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा, जिसमें पुलिसिंग के साथ-साथ बिजली, पानी और स्वच्छता के भी उत्तम बंदोबस्त होंगे।
डीएम व एसपी ने जनपदवासियों से अपील की है कि हमारी परंपरा और आपसी सौहार्द को बनाए रखते हुए, सभी मिलकर शांतिपूर्ण और उल्लासपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाएँ।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि त्यौहारों के दौरान किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। सभी लोग मिलकर परंपरागत और शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाएँ, और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे त्यौहार की खुशियों में कड़वाहट आए।
बैठक में जिला प्रशासन के साथ-साथ उपस्थित सभी संभ्रांत नागरिकों ने भी आशा व्यक्त की कि पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी जनपद में होली और रमजान का त्यौहार आपसी भाई-चारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा।
बैठक में एसडीएम सदर अश्विनी सिंह, सीओ सिटी विवेक तिवारी, डीएसओ अंजनी सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद लखीमपुर सहित बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में सभी संप्रदायों के धर्मगुरु मौजूद रहे।
